होटल में ठहरेंगे सेब सीजन में ड्यूटी देने वाले पुलिस कर्मी
सेब सीजन में ड्यूटी देने वाले जवानों को पुलिस महकमा होटलों में ठहराएगा।
जागरण संवाददाता, शिमला : सेब सीजन में ड्यूटी देने वाले जवानों को पुलिस महकमा होटलों में ठहराएगा। इसके लिए जिला शिमला में निजी होटलों को बुक किया जाएगा। होटलों में खाने-पीने की व्यवस्था पुलिस खुद करेगी। होटलों में ठहरने के लिए पेमेंट की व्यवस्था अन्य मदों से की जाएगी। पुलिस जवानों का समय-समय पर मेडिकल टेस्ट भी करवाया जाएगा ताकि वे संक्रमण से बचे रहें। कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
पुलिस के 200 जवान सेब सीजन के दौरान फील्ड में ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। सेब सीजन में यातायात व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिमला पुलिस ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जिला पुलिस ने अपने स्तर पर पूरी गाइडलाइन तैयार कर दी हैं। पुलिस प्रशासन को अब प्रदेश सरकार की ओर से जारी होने वाली एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिग प्रोसिजर) का भी इंतजार है। इसका भी पालन किया जाएगा। दिन के समय बड़े ट्राले लाने की नहीं होगी अनुमति
सेब सीजन के दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई अहम बदलाव किए हैं। सेब ढोने के लिए आने वाले बड़े ट्रालों को शोघी से दिन के समय सामान लाने व ले जाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस के अनुसार दिन के समय सड़कों पर ट्रैफिक काफी ज्यादा रहता है। ऐसे में कई जगह जाम लगता है। कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए पुलिस नाकों पर 50 वर्ष व इससे अधिक उम्र के जवानों को नहीं लगाएगी। इस पर पहले ही निर्णय हो चुका है। सेब सीजन के लिए जिले के विभिन्न स्थानों पर कंट्रोल रूम और सब कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित करने को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्य कंट्रोल रूम फागू में बनाया जाएगा। इसमें टेलीफोन व टैक्स के अलावा अन्य सभी तरह की सुविधा रहेगी। सेब सीजन के लिए पुलिस तैयार : एसपी
15 जुलाई से सेब सीजन को लेकर पुलिस ने सारी तैयारियां पूरी कर दी हैं। कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिस जवानों को निजी होटलों में ठहराया जाएगा। ट्रकों की मूवमेंट शोघी से लेकर ढली तक बाईपास रोड से होगी। शहर से कोई भी ट्रक प्रवेश नहीं करेगा। जवानों का समय-समय पर मेडिकल टेस्ट करवाया जाएगा।
ओमापति जम्वाल, एसपी शिमला।