किन्नौर के सांगला में कल रोपे जाएंगे फलदार पौधे
जागरण संवाददाता शिमला राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने जंगली फल लगाओ फसलों को बचाओ अभि
जागरण संवाददाता, शिमला : राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने 'जंगली फल लगाओ, फसलों को बचाओ' अभियान के तहत पूरे प्रदेश में पौधारोपण अभियान चलाया है। विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर के तत्वाधान में 29 अगस्त को जिला किन्नौर के रुकटी खड्ड, सांगला में सुबह साढ़े 11 बजे जंगली फलदार पौधे लगाने के लिए कानूनी जागरूकता और पौधारोपण अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान में वन अधिकारी, स्थानीय निवासी, महिला मंडल, गैर सरकारी संगठन, पंचायत सदस्य शामिल होंगे। पौधारोपण अभियान की अध्यक्षता न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, न्यायाधीश हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय और कार्यकारी अध्यक्ष, प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण करेंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक पर्यावरण को बेहतर व सुंदर बनाना और जंगली जानवरों से किसानों की फसलों को बचाना है। प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने पंचायतों के साथ लगते वन क्षेत्र में जंगली फल देने वाले पौधे लगाकर खेती योग्य भूमि को जंगली जानवरों व पक्षियों से नष्ट होने से बचाने का अभियान शुरू किया है। पौधारोपण के दौरान कोविड 19 महामारी के दौरान सरकार एवं सक्षम अधिकारियों द्वारा किए गए सभी मानदंडों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।