शिमला शहर में तहबाजारियों को मिलेगी छत
शिमला शहर में तहबाजारियों को जल्द छत मिलने वाली है। नगर निगम न
जागरण संवाददाता, शिमला : शिमला शहर में तहबाजारियों को जल्द छत मिलने वाली है। नगर निगम ने शिमला लिफ्ट के पास आजीविका भवन में 65 दुकानें तैयार कर दी हैं और अब इनके लिए आवेदन मांगे हैं। 31 मार्च तक आजीविका भवन में तहबाजारियों को दुकानें अलॉट कर दी जाएगी। आजीविका भवन में कुल 224 दुकानें बनाई जानी है। लिफ्ट के समीप बनने जा रहे आजीविका भवन का निर्माण कार्य जोरों पर है। इस भवन में पहले तिब्बती मार्केट को शिफ्ट किया जाएगा, जिसके बाद शहर के तहबाजारियों को दुकानें अलॉट की जाएंगी। 31 मार्च 2021 तक दुकानों का काम पूरा कर तहबाजारियों को शिफ्ट करने का लक्ष्य रखा गया है। शुक्रवार को निगम आयुक्त ने मौके का निरीक्षण किया और तैयार दुकानों को देखा। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए गए काम में तेजी लाए और जल्द इसे पूरा करें।
तहबाजारियों को भी मिलेगी दुकानें
आजीविका भवन में तिब्बति मार्केट को शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा शहर में नगर निगम और लोगों के लिए सिरदर्द बने तहबाजारियों को भी यहां दुकानें दी जाएंगी। यही नहीं भवन निर्माण होने से शिमला शहर की जनता को पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी। इसमें वाहनों के लिए पार्किंग, लिफ्ट सुविधा, प्रत्येक फ्लोर में शौचालय सुविधा, पेयजल सुविधा और सौर ऊर्जा का प्रावधान किया जाना है। नई दुकानों के निर्माण कार्य से कारोबारियों और व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
राजीव आवास योजना के तहत जल्द मिलेंगे गरीबों को घर
राजीव आवास योजना के तहत कृष्णा नगर में बन रहे आवासों का भी शुक्रवार को निगम आयुक्त पंकज राय ने निरीक्षण किया। कृष्णा नगर में 16 आवास बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 104 आवासों का निर्माण किया जाना है। नगर निगम शिमला तैयार आवास गरीब पात्र लोगों को वितरित करेगा। निगम आयुक्त ने निर्देश दिए कि काम में तेजी लाएं। नगर निगम ने 104 आवासों को तैयार करने के लिए 31 मार्च, 2021 तक का लक्ष्य रखा है। इसके बाद लोगों को यहां पर आवास सुविधा मिल जाएगी।
ओक ओवर के पास बन रहे पार्क का किया निरीक्षण
नगर निगम आयुक्त पंकज राय ने शुक्रवार को ओक ओवर के पास बन रहे पार्क का भी निरीक्षण किया। यह शहर का एक अनोखा पार्क होगा। इसमें घने जंगल की तरह पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। देश की जानी मानी कंसल्टेंसी फर्म टाटा कंसल्टेंसी के सहयोग से इस पार्क को बनाने का काम किया जा रहा है। इसमें वॉकिग ट्रेल के साथ जिम, ग्राउंड जैसी कई सुविधाएं होंगी। 1.28 करोड़ की लागत से राहत होटल से सीएम रेजिडेंस एक ओवर तक दो फेज में बनने वाले इस पार्क का पहला फेज अगले छह माह में बनकर तैयार हो जाएगा।