सरकार के पास पहुंचा सोलन को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव
सोलन को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव सरकार के पास पहुंच गया है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : सोलन को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव सरकार के पास पहुंच गया है और मंडी को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव जल्द ही पहुंच जाएगा। नगर परिषद सोलन नगर निगम बनने की शर्ते पूरी कर रही है। नगर निगम बनाने के लिए आठ पंचायतों को इसमें शामिल किया जाएगा। निगम के लिए जनसंख्या 50 हजार से अधिक होनी चाहिए, जबकि आय दो करोड़ रुपये होनी चाहिए। उपायुक्त सोलन ने प्रस्ताव भेजा है और सरकार ने इसके मानकों का अवलोकन शुरू कर दिया है। जल्द इसके लिए लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे जाएंगे। कुछ लोग सोलन को नगर निगम बनाने के पक्ष में हैं तो कुछ इसका विरोध कर रहे हैं।
उधर, मंडी को भी नगर निगम बनाने के लिए जिला उपायुक्त से प्रस्ताव मांगा गया है। मंडी में जनसंख्या अभी पूरी नहीं हो सकी थी। 50 हजार की जनसंख्या को पूरा करने के लिए इन दिनों कसरत चल रही है। इसके लिए पंचायतों को शामिल किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार इस संबंध में प्रस्ताव अगले सप्ताह तक सरकार के पास पहुंचने की उम्मीद है। मंत्रिमंडल की 11 अगस्त को हुई बैठक में नगर निगम बनाने के साथ नई पंचायतों के गठन के लिए भी प्रस्तुती दी गई थी।
--------
सोलन में इन पंचायतों को मिलाया जाएगा
सोलन नगर परिषद में आठ ग्राम पंचायतों को मिलाकर नगर निगम बनाया जा रहा है। जिन पंचायतों को शामिल करने का प्रस्ताव है उनमें बसाल, सपरुन, सलोगड़ा, शामती, सेरी, पराज, कोठो और आंजी शामिल हैं। इनको मिलाने से निर्धारित जनसंख्या पूर्ण हो जाती है और आय भी दो करोड़ रुपये से अधिक बनती है।
--------
आनी, निरमंड और अंब को नगर पंचायत बनाने के लिए मांगे प्रस्ताव
तीन ग्राम पंचायतों कुल्लू जिला की आनी व निरमंड और जिला ऊना की अंब को नगर पंचायत बनाने के लिए प्रस्ताव उपायुक्तों से मांगे गए हैं। नगर पंचायत के लिए निर्धारित मानकों के तहत वहां की जनसंख्या दो हजार से अधिक और आय पांच लाख रुपये सालाना होना जरूरी है।
-------
प्रदेश में 54 शहरी निकाय
प्रदेश में वर्तमान में 54 शहरी निकाय हैं, जिनकी कुल जनसंख्या 7.13 लाख है। इनमें दो नगर निगम शिमला और धर्मशाला, जबकि 31 नगर परिषद और 21 नगर पंचायतें हैं। अभी सरकार ने सरकाघाट को नगर पंचायत से नगर परिषद और शाहपुर को नगर पंचायत बनाया है। इस पर मंत्रिमंडल ने 11 अगस्त को मुहर लगाई है।