हिमाचल में बसों का किराया बढ़ा, अब तीन किलोमीटर के छह रुपये
हिमाचल में बढ़ा बस किराया लागू करने की अधिसूचना जारी हो गई है। लोगों पर बढ़े किराये का भार पड़ेगा।
राज्य ब्यूरो, शिमला। डीजल व पेट्रोल की कीमतों में हो रही वृद्धि की मार हिमाचल में सफर करने वाले यात्रियों पर शनिवार से पड़ गई। प्रदेश परिवहन विभाग ने 29 सितंबर से बढ़े हुए बस किराये को लागू करने की अधिसूचना जारी की है। प्रदेश में परिवहन निगम सहित निजी बसों में रोजाना आठ लाख से अधिक यात्री सफर करते है। ऐसे में किराये का सबसे ज्यादा भार लोगों पर पड़ेगा। प्रदेश में अब तीन किलोमीटर सफर के लिए न्यूनतम किराया तीन रुपये के स्थान पर छह रुपये कर दिया गया है।
प्रदेश में सभी श्रेणियों की बस सेवाओं सामान्य बस, डीलक्स व वोल्वो बस के किराये में वृद्धि की गई है। किलोमीटर के आधार पर मैदानी क्षेत्रों में किराये में 24.44 फीसद जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में 20.69 फीसद की वृद्धि हुई है। बढ़ा हुआ बस किराया हिमाचल में ही वसूला जाएगा। यदि हिमाचल की बस बाहर जाती है तो उस राज्य की सीमा में प्रवेश करने पर वहां लागू किराया पहले की तरह वसूल किया जाएगा। बढे़ बस किराये की मार सबसे ज्यादा लंबे रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों पर पडे़गी। राजधानी शिमला से चंड़ीगढ़ व दिल्ली जाने वाली बसों में परवाणू तक बढ़ा हुए किराया लिया जाएगा। परवाणू से आगे चंडीगढ़, हरियाणा व दिल्ली जाने पर पहले की तरह ही किराया वसूला जाएगा।
स्मार्टकार्ड है तो किराये में 10 फीसद छूट
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : हिमाचल पथ परिवहन निगम की वोल्वो व एसी बसों में स्मार्टकार्ड धारक पहली अक्टूबर से किराये में 10 फीसद छूट का लाभ उठा पाएंगे। वरिष्ठ नागिरकों को किराये में 20 फीसद छूट मिलेगी। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने बताया कि यह लाभ केवल स्मार्टकार्ड धारकों को ही मिलेगा।