रविवार को आठ से छह बजे तक मिलेगा दूध-ब्रेड
शहर के लोग रविवार के दिन दूध व ब्रेड या अन्य सामान अब सुबह आठ से शाम छह बजे तक खरीद सकेंगे।
जागरण संवाददाता, शिमला : शहर के लोगों को रविवार के दिन दूध व ब्रेड या अन्य सामान खरीदने में दिक्कत न हो इसलिए जिला प्रशासन ने अब रविवार के दिन भी दुकानों को खोलने के समय में बदलाव किया है। अब सुबह आठ से शाम छह बजे तक लोग दूध-ब्रेड या अन्य आवश्यक सामान खरीद सकते हैं। इसके अलावा अन्य दुकानों को किसी तरह की कोई छूट नहीं होगी। जिला प्रशासन का मानना है कि हिमपात के कारण सामान काफी देरी से पहुंच रहा है जो एक बजे तक लोगों को देना मुश्किल हो रहा है। लंबे समय से कारोबारी भी इसकी मांग कर रहे थे, इसलिए प्रशासन ने लोगों की मांग को देखते हुए रविवार को दूध व ब्रेड सहित अन्य सामान बेचने वाली दुकानों का समय भी सुबह आठ से शाम छह बजे तक तय कर दिया है। उपायुक्त आदित्य नेगी की ओर से इसके लिखित निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उपायुक्त नेगी ने बताया कि लोगों की सुविधा को देखते हुए यह फैसला लिया है। जाखू सहित शिमला के अधिकतर हिस्सों में हुआ हिमपात
राजधानी सहित ऊपरी शिमला फिर से सफेद चादर से ढक गया है। जाखू में एक फीट तो रिज मैदान व संजौली सहित अधिकतर हिस्सों में हिमपात हुआ है। लक्कड़ बाजार, संजौली, छोटा शिमला, कुसुम्पटी, बालूगंज तक यातायात पूरी तरह से बंद है। इस दौरान लोगों को बस सेवा के लिए भी परेशान होना पड़ा। उपायुक्त आदित्य नेगी ने कहा कि बर्फ ज्यादा गिरने के कारण सेवाएं बहाल करने में समय लग सकता है। प्रशासन व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए लगा हुआ है।