बच्चों के शारीरिक व बौद्धिक विकास के लिए योग जरूरी
राज्यपाल कलराज मिश्र ने विद्यार्थियों के शारीरिक व बौद्धिक विकास के लिए योग की महता पर बल दिया है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : राज्यपाल कलराज मिश्र ने विद्यार्थियों के शारीरिक व बौद्धिक विकास के लिए योग की महता पर बल दिया है। उन्होंने लड़कियों में आत्मसुरक्षा की भावना विकसित करने के लिए गतिविधियां संचालित करने को कहा। कहा कि विद्यार्थियों में स्व: अनुशासन की भावना पैदा करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। वह राजभवन में हिमाचल प्रदेश भारत स्काउट एंड गाइड के राज्य मुख्य आयुक्त व निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरजीत शर्मा और अन्य पदाधिकारियों से बातचीत कर रहे थे।
राज्यपाल ने कहा कि स्काउट एंड गाइड युवाओं के संपूर्ण शारीरिक व बौद्धिक विकास में योगदान दे रहा है। व्यक्ति में सकारात्मक सोच विकसित करने में भारत स्काउट एंड गाइड को महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए। बच्चों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। उन्हें प्रारंभिक स्तर पर कीप स्माइलिंग, दूसरे चरण में डूइंग बेस्ट, तीसरे स्तर पर बी-प्रिपेयर्ड और अंतिम चरण में सेवाभाव का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। डॉ. अमरजीत ने बताया कि राज्य में 40 हजार से अधिक विद्यार्थी स्कूल व कॉलेज स्तर पर इस अभियान से जुड़े हैं। इन गतिविधियों के लिए बच्चों को अब मंडी जिले के रिवाल्सर में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया गया है।