तीन करोड़ से पार्को को संवारेगा निगम
शिमला शहर की खूबसूरती में शिमला के पार्क अब चार चांद लगाएंगे।
-स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत होगा काम, पहले पांच पार्को का होगा सुंदरीकरण
-31 दिसंबर तक होंगे टेंडर, नगर निगम खुद करवाएगा काम जागरण संवाददाता, शिमला : शिमला शहर की खूबसूरती में शिमला के पार्क अब चार चांद लगाएंगे। नगर निगम तीन करोड़ रुपये से शहर के पांच पार्को को संवारेगा। शिमला के सुंदरीकरण व पर्यटन दृष्टि के मद्देनजर निगम ने शहर में जगह-जगह फाउंटेन लगाने का निर्णय लिया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत यह कार्य किया जाएगा। इस कार्य का जिम्मा नगर निगम स्वयं लेगा।
31 दिसंबर तक टेंडर का लक्ष्य निगम ने तय किया है। पहले फेस में रानी झांसी पार्क, आशियाना रजैंसी के नीचे का पार्क, मरीना होटल के पास प्राकृतिक झरना, लिफ्ट के पास, गोल पहाड़ी में यह पार्क बनाए जाने हैं। इन पार्को में आधुनिक फव्वारे, लाइटें और पौधे लगाए जाएंगे ताकि पर्यटकों को आकर्षित कर सके।
शिमला के मालरोड पर स्थित रानी झांसी पार्क विशेष पार्क है। वर्तमान में भी पर्यटकों की पहली पसंद है और सुबह शाम लोग यहां पर घूमने के लिए आते हैं। लेकिन निगम के द्वारा इसके सुंदरीकरण के बाद इसे और आकर्षक बनाया जाएगा। इसके अलावा मरीना होटल के पास प्राकृतिक झरने को भी नई लुक देने का निर्णय लिया गया है। यहां पर भी पर्यटक पहाड़ी से गिर रहे पानी के नजारे लेते हैं। इसके अलावा शहर के अन्य पार्को को भी नगर निगम आधुनिक तरीके से संवारेगा और आकर्षक बनाएगा।
-------
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
शिमला में पार्क की काफी कमी है, बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को मालरोड और रिज मैदान पर घूमने के अलावा कुछ नहीं मिल पाता है। नगर निगम द्वारा इन पार्को को नया लुक देने के बाद बाहरी राज्यों के पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को यहां पर बैठने के लिए जगह मिलेगी। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और पर्यटक शिमला में अधिक समय तक ठहर सकेंगे।
-------
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पहले शिमला के पांच पार्को का सुंदरीकरण किया जा रहा है। 31 दिसंबर तक का लक्ष्य टेंडर के लिए रखा गया है। जल्द ही इन पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
-अजीत भारद्वाज, सह आयुक्त नगर निगम शिमला।