मुख्यमंत्री की कर्मचारी गुटों को फटकार, चुनाव टाले
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ में छिड़ा महासंग्राम सरकार के मुखिया जयराम ठाकुर तक पहुंच गया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने साफ कह दिया है कि अगर कर्मचारी नेता आपस में ही लड़ते रहे तो सरकार मान्यता नहीं देगी। उन्होंने महासंघ के नाम पर नेतागीरी चमकाने वालों को भी नसीहत दी। इस फटकार का असर भी हुआ। सरकार समर्थक एनआर ठाकुर और विनोद गुट ने चुनाव टाल दिए हैं।
रमेश सिंगटा, शिमला
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ में छिड़ा महासंग्राम सरकार के मुखिया जयराम ठाकुर तक पहुंच गया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने साफ कह दिया है कि अगर कर्मचारी नेता आपस में ही लड़ते रहे तो सरकार मान्यता नहीं देगी। उन्होंने महासंघ के नाम पर नेतागीरी चमकाने वालों को भी नसीहत दी। इस फटकार का असर भी हुआ। सरकार समर्थक एनआर ठाकुर और विनोद गुट ने चुनाव टाल दिए हैं।
एनआर ठाकुर ने 23 सितंबर को शिमला और विनोद कुमार ने इसी दिन बिलासपुर में चुनाव करवाने की अधिसूचना जारी की थी। इसके लिए इन समानांतर गुटों ने तैयारियां भी कर रखी थी, लेकिन ये धरी रह गई हैं।
---------
अश्विनी ठाकुर को घेरने की नई रणनीति
परिसंघ से छिटक कर महासंघ में आए विनोद कुमार और महासंघ में अरसे से डटे एनआर ठाकुर एक मंच पर आ गए हैं। इन्होंने शुक्रवार को भी शिमला में मुलाकात की। आपसी मतभेद मिटाने के प्रयास किए। बताते हैं ऐसा अश्विनी ठाकुर की घेराबंदी के लिए किया गया है। दोनों के बीच नई 'दोस्ती' अस्थायी भी हो सकती है।
---------
इन पर सीएम की सहमति
महासंघ के नेता अश्रि्वनी ठाकुर को अध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इनके नाम पर सीएम पूरी तरह से सहमत हैं। उनका अध्यक्ष बनना लगभग तय है। बस चुनाव में इनके नाम पर औपचारिक मुहर लगनी बाकी है। इसी पद के प्रमुख दावेदार एनआर ठाकुर को सरकार कभी भी पदोन्नति दे सकती है। पदोन्नति देने पर वह राजपत्रित अधिकारी कहलाएंगे। वह महासंघ में नहीं रह पाएंगे।
-------
अब नवरात्र में होंगे चुनाव
महासंघ के महासचिव एनआर ठाकुर कहते हैं कि उनकी कल विनोद कुमार के साथ शिमला में मुलाकात हुई है। आपस के मतभेद दूर कर दिए हैं। महासंघ की एकता के लिए कुर्बानी करने को तैयार हूं। अब चुनाव नवरात्र में होंगे। एक मंच पर एक ही महासंघ के बैनर तले होंगे।
-----------
जिसके साथ कर्मचारियों और सरकार का सहयोग होगा, उसी के साथ जेसीसी होगी। एनआर ठाकुर ने वन टू वन मुलाकात हुई है। चुनाव संगठन के संविधान के अनुसार ही होंगे। इसमें सीएम का दखल नहीं होगा। सेटिंग से काम नहीं चलेगा। बिलासपुर में होने वाले चुनाव टाल दिए हैं।
-विनोद कुमार, प्रदेश संयोजक, महासंघ, विनोद गुट।
-----------
सरकार अपनी देखरेख में चुनाव करवाएगी। गुटों के चुनाव करवाने पर पाबंदी लगाएंगे। हम पूर्व कांग्रेस सरकार से मान्यता प्राप्त रहे हैं। जेसीसी हमारे साथ हुई है। आपस में लड़ने की बजाय कर्मचारियों के हितों के बारे में सोचें।
-एसएस जोगटा, अध्यक्ष, महासंघ, जोगटा गुट।