हिमाचल में बारिश बहा ले गई 110 करोड़ रुपये
सिरमौर में लगातार 15 घंटे हुई बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। यहां करीब एक दर्जन सड़कें बंद रहने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं
शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल में बारिश से अब तक करीब 110 करोड़ का नुकसान हो चुका है। तीन दिन के दौरान ही पंद्रह करोड़ रुपये बारिश में बह गए। करीब सात मकानों को नुकसान होने के साथ सड़कों और पेयजल योजनाओं को नुकसान हुआ है। रविवार को भी मूसलधार बारिश से कई जिलों में फसलों को खासा नुकसान पहुंचा है।
सिरमौर में लगातार 15 घंटे हुई बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। यहां करीब एक दर्जन सड़कें बंद रहने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं जबकि पांच रूटों पर एक दर्जन बसें फंस गईं। नाहन-कुम्हारहट्टी नेशनल राजमार्गे जगह-जगह मलबा आने बाधित रहा। संगड़ाह की जरग पंचायत में नाले में आई बाढ़ की चपेट में आने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। कोटी धीमान सड़क पर कार बारिश में काफी दूर तक बह गई। जिले में टमाटर, गोभी व शिमला मिर्च की फसल को भी खासा नुकसान पहुंचा है।
कांगड़ा में मारंडा के पास पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर पेड़ गिरने से मां-बेटा घायल हो गए हैं। उन्हें सिविल अस्पताल पालमपुर से टांडा रेफर कर दिया गया। पंचरुखी के चन्द्रोपा में स्लेटपोश
मकान जमीदोंज हो गया। मकान गिरने से पहले ही परिजन बाहर निकल आए थे।
प्रदेश में आज भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में आगामी पांच दिनों तक वर्षा की संभावना जताई गई है। प्रदेश में हुई वर्षा के कारण तापमान में दो से तीन डिग्री तक की कुछ क्षेत्रों में गिरावट दर्ज की गई है।
रेणुका में 132 मिमी बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान सिरमौर जिले के रेणुका में सबसे अधिक 132 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सुबह से वर्षा होती रही और इसके कारण मैदानी इलाकों में भी
तापमान में गिरावट दर्ज की गई।