आज से अलग न दिया तो घर से नहीं उठेगा कूड़ा
शहर में वीरवार यानी दो जुलाई से गीला और सूखा कूड़ा अलग नहीं देने पर घर से कूड़ा नहीं उठाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, शिमला : शहर में वीरवार यानी दो जुलाई से गीला और सूखा कूड़ा अलग नहीं देने पर घर से कूड़ा उठाना नगर निगम बंद कर देगा। बुधवार को नगर निगम शिमला की मेयर सत्या कौंडल की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया। नगर निगम शिमला ने पहले ही हर घर से कूड़ा अलग लेने की पहल की थी, लेकिन कुछ लोग अभी तक भी मान नहीं रहे हैं। इस संबंध में निगम पहले भी कसरत कर चुका है। हालांकि इसमें कुछ सफलता मिली, लेकिन पूरी तरह से निगम की यह मुहिम सिरे नहीं चढ़ पा रही है। अब निगम ने फैसला लिया है तो जिस भी घर से कूड़ा अलग कर नहीं दिया जाएगा वहां से निगम कूड़ा उठाना बंद कर देगा।
निगम का मानना है कि एक बार ऐसा करने पर घर के मालिक से अलग-अलग कूड़ा मिलना शुरू हो जाएगा। इससे कूड़ा संयंत्र में कूड़े को अलग करने की कसरत बचेगी। इस समय में निगम खाद से लेकर बिजली बनाने पर खर्च सकेगा। निगम का दावा है कि घरों से कूड़ा अलग मिलना शुरू होता है तो शहर के कूड़ा संयंत्र से कूड़े से ही काफी कुछ बनाया जा सकेगा। बैठक में अधिकारियों के साथ पिछले दिनों हुए कार्यो की जानकारी प्रशासन ने सांझा किया। सैहब कर्मचारी की मुस्तैदी की सराहना
नगर निगम के सैहब सोसायटी के कर्मचारी हर घर में दस्तक देते हैं। मल्याणा में कोरोना संकट के दौरान ऐसा ही मामला सामने आया। एक व्यक्ति घर पर काफी समय से नहीं था, कोरोना के दौरान ही घर से कूड़ा मिलना शुरू हुआ। सैहब सोसायटी के कर्मचारी ने निगम के स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी। टीम ने जांच की तो पाया कि वह व्यक्ति बाहर से आया हुआ है। इसे होम क्वारंटाइन किया। बाद में ये व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इस कर्मचारी के कार्य की बैठक में सभी ने सराहना की।