रोहड़ू बाजार से मेहंदली में शिफ्ट हुई फल मंडी
बढ़ते जाम और भीड़ को देखते हुए रोहडू बाजार से फल मंडी को मेहदली शिफ्ट कर दिया गया है।
संवाद सूत्र, रोहड़ू : बढ़ते जाम और भीड़ को देखते हुए रोहडू बाजार से फल मंडी को मेहदली शिफ्ट किया गया है। शनिवार को एपीएमसी के अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने फल मंडी का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ ग्रामीण विकास बैंक की अध्यक्ष शशि बाला, आढ़त एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्की काल्टा, एपीएमसी शिमला के अध्यक्ष नरेश शर्मा, भाजपा मंडल रोहडू के महासचिव सुधीर चौहान, आढ़त एसोसिएशन के महासचिव यशवंत नागटा, उपाध्यक्ष विनोद राय, बिट्टू ठाकुर मौजूद रहे।
एपीएमसी अध्यक्ष बलदेव ने बताया कि रोहडू से शिफ्ट हुई मेहंदली फल मंडी प्रदेश की बेहतरीन फल मंडी में शामिल होगी। इस फल मंडी में 96 यार्ड आक्शन किए गए हैं जिसमें 114 आढ़तियों को लाभान्वित किया गया है। फल मंडी के तहत मौजूदा समय में 150 आढ़तियों को पंजीकृत किया गया है, जबकि शेष बचे आढ़तियों को भी लाभान्वित किया जाएगा। जल्दी ही फल मंडी का विस्तार किया जाएगा, जिसके लिए 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। फल मंडी में किसान भवन का शिलान्यास भी जल्द किया जाएगा।