जायका बढ़ाएगा वनों में हरियाली
हिमाचल में अब जापान की मदद से हरियाली बढ़ेगी। हरित आवरण बढ़ाने के लिए 850 करोड़ का प्रोजेक्ट शुरू हो गया है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल में अब जापान की मदद से हरियाली बढ़ेगी। हरित आवरण बढ़ाने के लिए जापान इंटरनेशनल कॉरपोरेशन एजेंसी (जायका) 650 करोड़ रुपये देगी जबकि राज्य सरकार भी इस प्रोजेक्ट पर 200 करोड़ खर्च करेगा। 850 करोड़ का यह प्रोजेक्ट 6 जिलों के 61 रेंजों में आरंभ हो गया है। दस साल तक चलने वाले इस प्रोजेक्ट के तहत 460 साइट्स चिन्हित की गई हैं। यह वह क्षेत्र हैं जहां हरित आवरण कम है। इन जिलों में शिमला, किन्नौर, लाहुल, मंडी, बिलासपुर शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत पहले पैसा राज्य सरकार खर्च करेगी। बाद में यह तिमाही के आधार पर रिइंबर्स होगा।
अधिकारी आज पढ़ेंगे हरियाली की ककहरा
सोमवार को प्रदेश भर के डीएफओ, कंजरवेटर स्तर के अधिकारी हरियाली का ककहरा पढ़ेंगे। जायका के सहयोग से आरंभ होने वाले प्रोजेक्टों के बारे में अफसरों को आधुनिक तकनीक के जरिये जानकारी दी जाएगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। इस प्रोजेक्ट का नाम हिमाचल प्रदेश फॉरेस्ट इको सिस्टम्स मैनेजमेंट एंड लाइवलीहुड है। इसमें जायका के भारत प्रमुख कस्तुओ, मत्सुमोटो भी भाग लेंगे।
डेढ़ सौ स्टाफ की होगी भर्ती
प्रदेश सरकार प्रोजेक्ट के लिए अलग से भर्ती करेगी। यह सरकारी नहीं सोसायटी के कर्मी कहलाएंगे। इसके लिए वन विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग को भेज दिया है। इसे जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी। तब तक विभाग के ही अधिकारी इसे देखेंगे। वे इसे मंडलों के स्टाफ के माध्यम से क्रियान्वित करवाएंगे। इस प्रोजेक्ट का मकसद लोगों की आजीविका में सुधार करना, जैव विविधता को बढ़ाना भी है। इसमें लोग वनों से जुड़ी गतिविधियों से दस साल तक रोजगार पाएंगे।
यह प्रोजेक्ट हिमाचल के लिए काफी अहम हैं। इससे जंगलों का घनत्व बढ़ेगा। हरित आवरण बढ़ने से वनों में समृद्धि आएगी। सोमवार को कार्यशाला होगी। इसमें सीएम, वन मंत्री समेत सभी मंडलों के अधिकारी शिरकत करेंगे।
-आलोक नागर, प्रोजेक्ट निदेशक, जायका