कल से 27 तक राहत देगा मौसम
राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में चला आ रहा बर्फबारी का दौर मंगलवार तक जारी रहेगा। प्रदेश के अधिकांश भागों में बादलों की मौजूदगी रहेगी और ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के निचले व मध्यम क्षेत्रों में कई स्थानों पर हलकी बारिश हो सकती है। आज पांच किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार की ठंडी हवाओं का सामना करना होगा।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल में 21 जनवरी को कई निचले व मध्यम क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान बादल छाए रहने के अलावा पांच किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवा का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 22 से 27 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप निकलने की संभावना है। इससे लोगों को शीतलहर से राहत मिल सकती है।
प्रदेश में सोमवार को कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे। बर्फबारी के बाद प्रदेश में 277 सड़कें बंद हैं। पांच राष्ट्रीय राजमार्ग एक पखवाड़े से बंद हैं। पांगी नाला, जलोड़ी पास, सोलंगनाला से रोहतांग और ग्रांफू-समधो राष्ट्रीय राजमार्ग को खोलने का प्रयास हो रहा है। प्रदेश में सोमवार को 104 स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित रही जबकि 26 पेयजल योजनाएं दो दिन से बंद हैं।