चिड़गांव अग्निकांड: जिंदा जली बुजुर्ग महिला, बच्चे बाल बाल बचे; सात मकान हुए खाक Shimla News
Fierce Fire जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडलल में भयंकर अग्निकांड में एक बुजुर्ग महिला जिंदा जल गई।
शिमला, जेएनएन। जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडलल में भयंकर अग्निकांड में एक बुजुर्ग महिला जिंदा जल गई। महिला की उम्र करीब 80 वर्ष थी, एकाएक लकड़ी के मकानों में भड़की आग में महिला को सुरक्षित बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। कोरोना संकट के बीच चिड़गांव थाना क्षेत्र के तहत डुंगरियानी गांव में रविवार को भयंकर आग लगने से हड़कंप मच गया। अग्निकांड में 7 घर जल गए हैं व पूरे गांव पर खतरा मंडरा गया था।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं व दमकल कर्मी व ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन बेकाबू आग को काबू नहीं किया जा सका। अंतत ग्रामीणों ने आग की चेन तोड़ने के लिए एक घर को ही उखाड़ दिया। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। एक घर उखाड़ देने से पूरे गांव को आग की भेंट चढ़ने से बचा लिया गया।
पुलिस व प्रशासन के लोग भी पहुंच गए थे। गांव में 25 के करीब घर हैं, जिनमें से सात जल गए हैं। चिड़गांव थाना प्रभारी अश्वनी ठाकुर ने बताया आग से 7 घर पूरी तरह राख हो चुके हैं। आग बुझाने में दमकल वाहनों की मदद ली गई। अभी आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। रोहड़ू के डीएसपी सुनील नेगी व प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
बच्चों के साथ घर पर अकेली थी बीमार बुजुर्ग
बुजुर्ग महिला की पहचान सोधामणी के रूप में हुई है। महिला बच्चों के साथ घर में थी। बाकी परिवार सेब के बगीचे में था। आग लगने का शोर मचने पर बच्चे बाहर आ गए। लेकिन बुजुर्ग महिला खतरे से अनजान होकर वहीं बैठी रही। लकड़ी से बने घर को कब आग की लपटों ने घेर लिया महिला को कोई पता नहीं चल पाया व अंदर ही जल गई। बताया जा रहा है महिला बीमार थी व चलनेे फिरने में भी दिक्कत होती थी।
वीरभद्र सिंह ने की सहायता की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह के गृह क्षेत्र में यह अग्निकांड हुआ है। वीरभद्र सिंह ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सरकार से पीडि़तों को तुरंत सहायता देने की मांग की है। अग्निकांड में जिंदा जलने वाली महिला के परिवार को भी आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है।