चंद्रपुर में चिट्टे के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार
लंबे समय से चिट्टे के व्यापार में संलिप्त पिता-पुत्र को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। दोनों से 50.20 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया।

संवाद सूत्र, रोहड़ू : लंबे समय से चिट्टे के व्यापार में संलिप्त पिता-पुत्र को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। वीरवार को सरस्वतीनगर पुलिस चौकी के तहत चंद्रपुर में दोनों को चिट्टे के साथ पकड़ा गया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्हें शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चंद्रपुर निवासी पिता-पुत्र चिट्टे के व्यापार में संलिप्त हैं। कुछ समय से पुलिस की इन दोनों पर नजर थी। वीरवार को शिमला से आई पुलिस की स्पेशल इंवेस्टिगेशन यूनिट (एसआइटी) ने सुबह करीब आठ बजे चंद्रपुर में हीरा सिंह के घर पर दबिश दी। घर पर उसका पुत्र राकेश भी मौजूद था। दोनों पिता-पुत्र के पास से पुलिस ने 50.20 ग्राम चिट्टा पकड़ा। साथ ही दोनों के पास से 26,990 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर चिट्टे को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया जाएगा। डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने बताया कि चिट्टे के आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस ने मुहिम चलाई हुई है। इसके तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। चंद्रपुर में चिट्टे की खेप के साथ पिता-पुत्र पकड़े गए हैं। परिवहन निगम की बस में सवार दो लोगों से पकड़ा 21.12 ग्राम चिट्टा
वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने 21.12 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान अजय कुमार और रविद्र कुमार के तौर पर की गई है। दोनों ही हिसार के रहने वाले हैं। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस से इन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी डा. मोनिका भुटूंगरू ने कहा कि पुलिस इसकी जांच कर रही है कि आरोपित किसे इसकी सप्लाई करने वाले थे।
Edited By Jagran