ड्रग माफिया निजी विश्वविद्यालयों में मुफ्त दाखिला करवाकर फैला रहा नशे का कारोबार, विधानसभा में उठा मामला
कांग्रेस विधायक हर्षवर्धन चौहान ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कुछ निजी विश्वविद्यालयों में ड्रग माफिया बच्चों को दाखिला दिलवा रहा है।
शिमला, जेएनएन। राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा के दौरान ड्रग व खनन माफिया को मामला उठाते हुए कांग्रेस विधायक हर्षवर्धन चौहान ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कुछ निजी विश्वविद्यालयों में ड्रग माफिया बच्चों को दाखिला दिलवा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके एक मित्र हैं जो निजी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। उन्होंने बताया ड्रग माफिया मुफ्त में दाखिला करवा अपना जाल फैला युवाओं को नशे की चपेट में ले रहा है।
लालकृष्ण आडवाणी की किताब का जिक्र करते हुए आरएसएस के स्वतंत्रता में योगदान न होने की बात करने पर सत्ता पक्ष ने कहा कि ऐसी बात तब तक न करें जब तक किताब को रिकॉर्ड में न रखा जाए। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि यह रिकॉर्ड में उपलब्ध है। जयराम सरकार ने केंद्र सरकार की नीतियों को राज्यपाल के अभिभाषण में अंकित किया है। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाकर हिमाचल के लिए क्या फायदा हुआ। प्रदेश में फर्जी डिग्रियां बिक रही हैं। उन्होंने दिल्ली ङ्क्षहसा का हवाला देते हुए कहा कि वहां कई लोग मर चुके हैं, इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
कांग्रेस में रहता तो आज भी दरी ही उठाता : अरुण कुमार
नगरोटा बगवां से भाजपा विधायक अरुण कुमार ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि यदि मैं कांग्रेस में ही रहता तो आज भी उनकी जनसभाओं में दरी उठाता रहता। खुशनसीब हूं कि मेरे जैसे व्यक्ति को भाजपा में विधायक बनने का मौका मिला है। भाजपा परिवारवाद नहीं काबिलियत को तरजीह देती है। कांग्रेस में परिवारवाद हावी हो चुका है और कई नाम गिनाए। प्रदेश सरकार समान विकास कर रही है और गरीबों व नौजवानों का उत्थान किया जा रहा है। इसी की अनदेखी का परिणाम है कि कांग्रेस के दिग्गज हार गए और आने वाले समय में इससे भी कम रह जाएंगे। इस बीच विपक्ष के सदस्यों के साथ नोकझोंक भी हुई।
राज्यपाल का अभिभाषण राजनीतिक दस्तावेज : नंदलाल
कांग्रेस विधायक नंदलाल ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण को राजनीतिक दस्तावेज बना दिया है। जनमंच कार्यक्रम पर सरकार फिजूलखर्च कर रही है और अधिकारियों व कर्मचारियों को लताड़ा जा रहा है। इस दस्तावेज में संसाधनों की कोई बात नहीं की गई है। आखिर सकरार अपनी आर्थिक स्थिति को कैसे सुधारेगी। दिल्ली हिंसा पर गृह मंत्रालय और वहां की सरकार का जिक्र न करने पर भी उन्होंने जयराम सरकार को आड़े हाथों लिया।
लोकगीत पर चल रही थी कांग्रेस सरकार
भाजपा विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने पूर्व कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जानी मानी गायिका गंभरी के गाए लोकगीत खाणा पीणा नंद लैणी हो गंभरिए पर पूर्व कांग्रेस सरकार चल रही थी। पूर्व कांग्रेस सरकार कर्ज लेकर मौज करती रही और प्रदेश को पांच साल के कार्यकाल के दौरान 21 हजार करोड़ के ऋण में डुबो दिया। बिना कर्ज के सरकार चलाना संभव नहीं है। जयराम सरकार कर्ज ले रही है लेकिन उसे जनता के विकास के लिए खर्च कर रही है। कर्नल इंद्र सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा मुख्यमंत्री रहते सरकारी कार्यक्रम के दौरान प्रताडि़त करने की बात को भी चर्चा में रखा। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रम से मंच से बाहर कर दिया था और कहा था कि यह राजनीतिक कार्यक्रम है जबकि उसमें प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।
जयराम सरकार कर रही हर संभव विकास : परमजीत
दून से भाजपा विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने जयराम सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना से ग्रामीण क्षेत्रों के गरीबों को लाभ पहुंचा है आर वह आत्मनिर्भर हो रहे हैं। जनमंच सहित सीएम हेल्पलाइन, गुुडिया हेल्पलाइन व होशियार सिंह हेल्पलाइन लांच कर जनता को सुविधा दी गई है। राष्ट्र के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। जयराम सरकार हर संभव विकास कर रही है।