अभी तय नहीं हुए कांग्रेस प्रत्याशी
हिमाचल से कांग्रेस के उम्मीदवारों को लेकर दिल्ली में बुलाई गई पार्लियामेंटरी कमेटी की बैठक सोमवार को नहीं हुई। सुखराम और उनके पोते आश्रय और सुरेश चंदेल के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर दिन भर चले व्यस्त्ताओं के दौर के कारण ये बैठक नहीं हो सकी।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल से लोकसभा की चारों सीटों के लिए कांग्रेस उम्मीदवार घोषित नहीं कर सकी है। हालांकि कांग्रेस टिकट बंटने को लेकर दिनभर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा लेकिन देर शाम हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने स्पष्ट कर दिया कि उम्मीदवारों के नाम अभी तय नहीं किए गए हैं।
हिमाचल से कांग्रेस के उम्मीदवारों को लेकर नई दिल्ली में सोमवार को बुलाई गई पार्टी संसदीय समिति की बैठक नहीं हुई। पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम व उनके पोते आश्रय शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर दिनभर चले घटनाक्रम के कारण यह बैठक नहीं हो सकी। इसकी अध्यक्षता केसी वेणुगोपाल ने करनी थी। बैठक में लोकसभा चुनाव में प्रदेश की चारों सीटों को लेकर मंथन होना था। दिनभर चले घटनाक्रम के बीच कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविदर सुक्खू भी दिल्ली पहुंच गए। सुखराम की कांग्रेस में वापसी के दौरान पूर्व भाजपा सांसद सुरेश चंदेल के कांग्रेस में आने को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार सुरेश चंदेल नई दिल्ली में कांग्रेस के कई नेताओं से मिले। अब कांग्रेस संसदीय समिति की बैठक 26 मार्च को दिल्ली में ही होने की संभावना है। इस समिति के सदस्य हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के अलावा सह प्रभारी गुरकीरत कोटली, विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर दिल्ली में ही हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता युवाओं को टिकट देने की पैरवी कर रहे हैं ताकि भाजपा द्वारा चुनाव मैदान में उतारे गए युवाओं को मात दी जा सके। इन नामों पर होगी चर्चा
शिमला संसदीय क्षेत्र : विनोद सुल्तानपुरी, धनीराम शांडिल, अमित नंदा
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र : पवन काजल, आशा कुमारी, सुधीर शर्मा, चंद्र कुमार।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र : मुकेश अग्निहोत्री, सुखविदर सुक्खू, राजेंद्र राणा, अभिषेक राणा, सुरेश चंदेल
मंडी संसदीय क्षेत्र : वीरभद्र सिंह, कौल सिंह, विक्रमादित्य सिंह, आश्रय शर्मा
सुखराम की कांग्रेस में वापसी की व्यवस्तता के कारण बैठक नहीं हो सकी। इसलिए प्रदेश से कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा नहीं हुई। अभी उम्मीदवारों की घोषणा में समय लग सकता है।
रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुरेश चंदेल कांग्रेस में नहीं आए हैं। अभी ऐसा कोई निर्णय नहीं हुआ है। सुखराम के कांग्रेस में आने से मंडी संसदीय सीट पर पार्टी मजबूत होगी।
-कुलदीप राठौर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष