महंगाई व बेरोजगारी से लोगों की मुश्किल बढ़ी : राठौर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश गंभीर आर्थिेक संकट से जूझ रहा है। ये बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रैस को जारी बयान में कही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री की नीतियों ने देश को आज ऐसे चौराहे पर ला कर खड़ा कर दिया
राज्य ब्यूरो, शिमला : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट से जूझ रहा है। महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी से लोगों की मुश्किल बढ़ गई है। देश के लोगों को विकास के हवाई महल तो दिखाई जा रहे हैं पर धरातल में स्थिति बहुत विकट होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों ने छोटे बड़े उद्योगों पर विपरीत असर डाला है। इसके अलावा आम लोगों की क्रय शक्ति को भी बड़ा झटका लगा है। महंगाई की मार से सभी वर्गों के लोग परेशान हैं। केंद्र सरकार ने इस ओर अपनी आंखें मूंद रखी हैं। पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी की मार से देश की अर्थव्यवस्था अस्त व्यस्त होकर रह गई है। देश की विकास दर 4.5 प्रतिशत के आसपास आना इस बात को दर्शाता है कि देश के आर्थिक हालात खराब हो रहे हैं। देश में किसानों की हालत भी ठीक नही है। उनकी उपज का उन्हें कोई भी सही दाम नहीं मिलता है। देश मे बढ़ते प्याज के मूल्यों पर हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार इस पर कोई भी नियंत्रण पाने पर पूरी तरह असफल सिद्ध हो रही है।