हार स्वीकार, सुधीर पर लगे आरोपों की जांच होगी : कुलदीप राठौर
प्रदेश के दोनों विधानसभा क्षेत्रों धर्मशाला और पच्छाद में उपचुनाव में मिली कांग्रेस को करारी हार को कांग्रेस ने स्पीकार किया है और जनता का सम्मान करने को कहा है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि धर्मशाला व पच्छाद उपचुनाव में मिली करारी हार को पार्टी ने स्वीकार किया है। कांग्रेस जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग किया गया।
कुलदीप राठौर ने चुनाव परिणाम के बाद शिमला में पत्रकारों से कहा कि धर्मशाला में भाजपा के पक्ष में सुधीर शर्मा द्वारा प्रचार करने के आरोपों की जांच की जाएगी। इसके लिए जांच कमेटी गठित की जाएगी। हार के कारणों पर पार्टी मंथन करेगी। जांच कमेटी हार के कारणों का पता लगाएगी। धर्मशाला में स्थानीय नेता के चुनाव लड़ने से इन्कार करने से भी पार्टी प्रत्याशी को कम मत मिले हैं। कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी मेहनत के साथ काम कर भाजपा को अच्छी टक्कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक व विधानसभा अध्यक्ष भी चुनाव में प्रचार करते नजर आए और चुनाव आयोग में शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं हुई। हरियाणा व महाराष्ट्र में जहां भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा कर रही थी, वहां भी कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। आने वाले समय में देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा जिसके संकेत इस चुनाव में लोगों ने दे दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी फिर से देश में सरकार बनाएगी। देश में लोग बेरोजगारी, महंगाई व आर्थिक मंदी से जूझ रहे हैं। इसे देखते हुए दूरदर्शी व मजबूत नेतृत्व की जरूरत है।