शिमला में चीन के पर्यटक पहुंचने से हड़कंप, प्रशासन ने कोरोना वायरस के संदेह को देखते हुए की जांच
Corona Virus हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में छह चीनी पर्यटकों के पहुंचने के बाद हड़कंप मच गया।
शिमला, जागरण संवाददाता। Corona Virus, हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में छह चीनी पर्यटकों के पहुंचने के बाद हड़कंप मच गया। इस मामले की जानकारी नगर निगम की स्वास्थ्य अधिकारी ने जिला प्रशासन को दी। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई अमल में लाते हुए स्वास्थ्य टीम को मौके पर भेजा। कोरोना वायरस के खतरे की आशंका को देखते हुए पहले चीन के पर्यटकों को होटल में ही रखा गया। इनकी प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच से लेकर चिकित्सकों की टीम ने इनसे बात की। इसमें पाया कि छह में से पांच सैलानी 28 जनवरी तो एक 29 जनवरी को भारत पहुंचा था।
पांच सीधे कोलकता आए थे, हालांकि एक मलेशिया होते हुए भारत पहुंचा था। इन सभी का चीन से रवाना होने से पहले ही पूरा चेकअप किया गया था। इसके बाद कोलकाता में पांच सैलानियों का पूरा चेकअप किया गया। चीन के वुहान क्षेत्र में इनमें से न ही कोई संबंध रखता है न ही इनमें से कोई वहां गया है। चिकित्सकों के मुताबिक सभी पर्यटकों में अभी तक कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। इनका पीरियड भी पूरा हो चुका है। इसलिए प्रशासन ने पूरी चेकिंग के बाद इन्हें भेज दिया है। छह में से पांच सैलानियों का वीजा 27 फरवरी को खत्म हो रहा है। एक सैलानी का वीजा जून 2020 तक वैद्य है।
डीसी शिमला अमित कश्यप ने बताया कि चीनी सैलानियों की सूचना के बाद पूरी जानकारी लेकर मेडिकल चेकअप करवा लिया है, इनमें से किसी में न ही कोरोना वायरस के लक्षण हैं और न ही इनमें से कोई चीन के वुहान क्षेत्र में 15 जनवरी के बाद गया था।
तीन महिलाएं और तीन पुरुष हैं सैलानी
सैलानियों की टीम में तीन महिलाएं और तीन पुरूष हैं, इनमें तीस वर्ष का पुरूष, 34 साल की महिला, 46 साल की महिला 43 साल का पुरुष, 33 साल की महिला और 33 साल का ही एक पुरुष शामिल है।
लक्कड़ बाजार के होम स्टे मेें रुके हैं सैलानी
सैलानी लक्कड़ बाजार के होम स्टे मेें रुके हैं, इनमें पांच सैलानी सीधे कोलकता पहुंचे। वहां से वह शिमला 13 फरवरी को पहुंचे थे। वहीं एक सैलानी 16 फरवरी को शिमला पहुंचा है। वीरवार को इन सैलानियों का शिमला से वापस लौटने का कार्यक्रम है। चीनी सैलानी कोलकाता, वाराणसी, आगरा, जैसलमेर, जयपुर, दिल्ली और अमृतसर घूमकर शिमला पहुंचे हैं।