अब शिमला पहुंचे चेतन बरागटा, निगम चुनाव की तैयारी
जुब्बल-कोटखाई में भाजपा से बगावत के बाद आजाद उम्मीदवार के तौर पर लड़ने वाले चेतन बरागटा शिमला पहुंच गए हैं। वह यहां पर अगले साल प्रस्तावित निगम चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं।
जागरण संवाददाता, शिमला : जुब्बल-कोटखाई में भाजपा से बगावत के बाद आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने वाले चेतन बरागटा अब शिमला शहर में नगर निगम के प्रस्तावित चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। चेतन बरागटा शहर के उन वार्डो में अपना आधार बढ़ाएंगे, जहां पर ऊपरी शिमला के लोग ज्यादा होंगे। संजौली व ढली से लेकर कुसुम्पटी या न्यू शिमला तक के वार्डो में ऊपरी शिमला के वोटरों की संख्या काफी ज्यादा है।
बरागटा शुक्रवार को शिमला के उपनगर संजौली में महासू वेलफेयर सोसायटी के अभिनंदन समारोह में पहुंचे और वहां पर उन्होंने बैठक की अध्यक्षता की। नगर निगम के चुनाव को लेकर टीमों का गठन भी किया गया जोकि शहर में वार्डो में लोगों को आ रही समस्याओं को प्रशासन के सामने उठाने के साथ ही शहर में सामाजिक कार्य रक्तदान शिविर, जरूरतमंदों की मदद करने के साथ ही अन्य कार्य करेंगी। इसके अलावा वोट बनाने से लेकर अन्य कार्यो को करने में वह जुट गए हैं।
चेतन बरागटा ने कहा कि शिमला शहर में जुब्बल, नावर व कोटखाई के काफी संख्या में लोग रहते हैं। काफी समय से इन लोगों से मिलने का समय नहीं मिला था। बैठक का आयोजन कर आगामी रणनीति बनाई है। इसमें नगर निगम के और 2022 में विधानसभा के प्रस्तावित चुनाव पर चर्चा की गई है। बैठक में ये तय किया गया है कि उनकी टीम नगर निगम के चुनाव भी लड़ेगी। शहर में सामाजिक कार्यो में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगी।
बैठक की अध्यक्षता सोसायटी के समन्वयक संदीप गागटा ने की। इस मौके पर रविद्र चौहान, रमेश चौहान, देव श्याम, निशा चौहान, संदीप गागटा, राजन कालटा, अंकुश चौहान, राजीव सोकटा, विनीत गाजटा, रितेश चौहान, राकेश जिंटा, मनोज चौहान, जतिन चौहान, दीपक सरजोलटा, नीरज चौहान, प्रदीप खाक्टा, राकेश शर्मा, चेतन कडेईक, सुशांत बसोली, यशपाल चौहान, मुकेश चौहान, मनमोहन कपालटा, अनुपम चौहान, प्रेम चौहान, आशीष चौहान, कशिश चौहान, प्रवीन चौहान, हैप्पी खिमटा व रवि काल्टा मौजूद रहे। निगम चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा में हुए उपचुनाव में भाजपा से टिकट न मिलने पर चेतन बरागटा ने आजाद चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गए, लेकिन हलके में भाजपा के उम्मीदवार की जमानत जब्त करवा दी थी। वहीं अब जुब्बल-कोटखाई के बाद शिमला शहर में चेतन बरागटा शहर में अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में हैं। इससे अगले नगर निगम के चुनाव काफी रोचक हो सकते हैं। शहर के हर वार्ड में कई प्रत्याशियों के बीच में मुकाबला होगा।