किरकिरी बर्दाश्त नहीं कर पा रही कांग्रेस : गुप्ता
रामपुर के परिधि गृह में बुधवार को भाजपा मंडल रामपुर की बैठक हुई।
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर : रामपुर के परिधि गृह में बुधवार को भाजपा मंडल रामपुर की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता युवा मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता विजय गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से राफेल लड़ाकू विमान पर दिए निर्णय को कांग्रेस पार्टी और उनके अध्यक्ष राहुल गांधी मानने से इन्कार कर रहे हैं। इससे साफ है कि कांग्रेस का न्यायपालिका से विश्वास उठ गया है। रामपुर में गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस राफेल के मुद्दे को उठा कर देश की जनता को गुमराह करने में लगी है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी को देश की सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं है। राफेल की डील में भाजपा ने कुछ भी गलत नहीं किया है, जो एक विमान की सही कीमत थी उस पर ही डील की गई है। राहुल गांधी और उनकी पार्टी द्वारा कोर्ट में दिए गए सारे आंकड़े गलत साबित हुए हैं और कुछ भी गलत नहीं पाया गया है। पूर्व की यूपीए सरकार ने रक्षा सौदों से संबंधित सभी मामलों को जानबूझ कर लटका कर देश की सुरक्षा के साथ धोखा किया। भाजपा मंडल द्वारा बैठक के बाद एसडीएम रामपुर के माध्यम से राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपा। बैठक में कृषक सलाहकार समिति के चेयरमैन अनिल चौहान, विस्तारक तिलक, सचिव किशोर परमार, महिला मोर्चा अध्यक्षा अनु पौंड, राजेश्वरी शुक्ला, उमादत्त भारद्वाज, कमल स्वरूप, पार्षद सुधांशु कपूर, टिक्क्म सैनी, शहरी अध्यक्ष बलजिंद्र ठाकुर, धर्मपाल व चांद गौतम भी मौजूद रहे।