किन्नौर : हिमखंड में दबे कुल्लू व जम्मू के सैनिकों के 22 दिन बाद शव बरामद
Two Army person died body recovered हिमाचल के किन्नौर जिला में ग्लेशियर की चपेट में आए छह जवानों में से लापता दो सैनिकों के वीरवार को 22वें दिन शव बरामद हुए हैं।
कांगड़ा, जेएनएन। किन्नौर जिला के डोगरी (नमज्ञा) में ग्लेशियर की चपेट में आए छह जवानों में से लापता दो सैनिकों के वीरवार को 22वें दिन शव बरामद हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हिमाचल प्रदेश जिला कुल्लू निरमंड के विदेश ठाकुर और जम्मू के अर्जुन का शव बरामद किया गया है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी पूह लाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव पैतृक गांव भिजवाए जाएंगे।
सेना की सात जैक राइफल के छह जवान 20 फरवरी को डोगरी में ग्लेशियर की चपेट में आ गए थे। इनमें एक जवान राकेश कुमार बिलासपुर जिला के शाहतलाई के निवासी थे। शहीद राकेश का शव पहले दिन बरामद हो गया था। पांच जवान लापता थे। हादसे के 11 वें दिन एक और जवान सोलन जिला के नालागढ़ निवासी 25 वर्षीय राजेश ऋषि का शव बरामद हुआ था।
हादसे के 13वें दिन पश्चिम बंगाल के जवान गोविंद बहादुर छेत्री का शव बरामद कर लिया गया था। इसके अलावा जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर के नितिन राणा का 18वें दिन शव मिला था। दो जवान लापता थो, जिनकी तलाश के लिए सेना ने सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ था। वीरवार को सेना ने इन्हें भी तलाश निकाला। उपायुक्त किन्नौर ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, एसडीएम आनी उपमंडल और तहसीलदार निरमंड शहीद के घर पहुंच गए हैं।