होम क्वारंटाइन तोड़ने वालों पर प्रशासन रख रहा नजर
होम क्वारंटाइन तोड़ने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है।
जागरण संवाददाता, शिमला : होम क्वारंटाइन तोड़ने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है। जिला प्रशासन ने होम क्वारंटाइन में रह रहे लोगों पर नजर रखने के लिए निरीक्षण किया। एसडीएम शिमला शहरी नीरज चांदला ने शिमला में निरीक्षण कर देखा कि कहीं पर नियमों का उल्लंघन तो नहीं हो रहा है।
छोटा शिमला, ब्रॉकहॉस्ट सहित कुछ अन्य स्थानों पर लोगों के घरों में जाकर होम क्वारंटाइन में रह रहे लोगों से बात की। उन्हें निर्देश भी दिया कि क्वारंटाइन नियमों का पालन करें। बिना मास्क के कोई भी बाहर न निकले। प्रशासन के पास ऐसी भी शिकायतें आ रही थीं कि बाहरी राज्यों से जो लोग आए हैं वे होम क्वारंटाइन का सही ढंग से पालन नहीं कर रहे हैं।
लोग सुबह की सैर के बहाने भी घर से बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति संक्रमित निकला तो अन्य लोगों के लिए भी खतरा हो सकता है। शिमला सहित जिले में काफी संख्या में बाहरी राज्यों से लोग लौटे हैं। पुलिस पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि क्वारंटाइन के नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पंचायतों से रोजाना फीडबैक ले रही पुलिस
होम क्वारंटाइन में रह रहे लोगों पर पुलिस ने भी शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने जिले की सभी 363 पंचायतों में अपने अधिकारियों और जवानों को तैनात कर दिया है। पुलिस अधीक्षक खुद पंचायतों से फीडबैक ले रहे हैं।