एचपीयू में भिड़े एबीवीपी व एसएफआइ कार्यकर्ता
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला में मंगलवार को एबीवीपी व एसएफआइ के कार्यकर्ताओं में खूनी संघर्ष हुआ। इसमें 10 छात्र घायल हो गए। दो की हालत गंभीर है।
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला में मंगलवार को फिर एबीवीपी व एसएफआइ कार्यकर्ताओं के बीच खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान 10 से अधिक छात्रों को चोटें पहुंची हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर है। दोनों संगठनों ने एक-दूसरे पर तेजधार हथियार का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
मंगलवार को दोनों छात्र संगठन के कार्यकर्ता विधि विभाग में कक्षाएं लगा रहे थे। इस दौरान उनमें नोकझोंक शुरू हो गई, जो बाद में लड़ाई में बदल गई। इसके बाद पूरे परिसर को छावनी में तबदील कर दिया। पुलिसकर्मियों की परिसर व छात्रावासों में तैनाती कर दी है।
एसएफआइ कर रही गुंडागर्दी : विशाल
विद्यार्थी परिषद के विशाल सकलानी ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के छात्रों की एसएफआइ कार्यकर्ताओं ने पिटाई की है। इससे कई छात्रों को चोटें आई हैं। एसएफआइ गुंडागर्दी कर रही है। इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी है। उन्होंने पुलिस व प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। विद्यार्थी परिषद लगातार छात्रों की मांगों को उठाकर प्रशासन के माध्यम से पूरा करवा रही है। इससे एसएफआइ के कार्यकर्ता बौखला गए हैं। परिसर का माहौल खराब कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ता : एसएफआइ
एसएफआइ कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एबीवीपी कार्यकर्ता विश्वविद्यालय परिसर का माहौल खराब कर रहे हैं। एसएफआइ एचपीयू में हो रही फर्जी भर्तियों के घोटाले सामने ला रही है। साथ ही छात्रों की मांगों को लेकर आवाज उठा रही है। इस कारण एबीवीपी कार्यकर्ता बौखला गए हैं। एसएफआइ इकाई सचिव विवेक राज ने बताया कि एसएफआइ ने कैंपस में नुक्कड़ नाटक का आयोजन करना था। छात्रों को इसकी जानकारी दी जा रही थी, लेकिन एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बदतमीजी कर लड़ाई का मौहल बना दिया। इस कारण नुक्कड़ नाटक नहीं हो सका।