पाकिस्तान के वाट्सएप ग्रुप में चंबा के 90 लोग
नाइजीरिया के बाद हिमाचल में अब पाकिस्तान के साइबर अपराधी भी सक्रिय हो गए हैं।
राज्य ब्यूरो, शिमला : नाइजीरिया के बाद हिमाचल में अब पाकिस्तान के साइबर अपराधी भी सक्रिय हो गए हैं। चंबा जिले में ऐसा मामला सामने आया है। पाकिस्तान के कुछ मोबाइल फोन नंबरों से संदिग्ध ठगों ने वाट्सएप ग्रुप बनाए हैं। इनमें चंबा जिले के 90 लोग जुडे़ हैं। इस ग्रुप में भारत विरोधी और अश्लील सामग्री साझा की जा रही है। शिकायत के आधार पर सीआइडी के साइबर पुलिस विंग ने जांच शुरू कर दी है। चंबा जिले की सीमा पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर से लगती है।
करीब चार माह पहले शिमला से भी इसी तरह की शिकायत आई थी। इनमें कौन बनेगा करोड़पति के नाम से वीडियो साझा की जाती थी। इन ग्रुप को बनाने वाले भी पाकिस्तानी थे। ऐसा ठगी के मकसद से किया जाता था लेकिन अब देश विरोधी गतिविधियों से संबंधित मामला सामने आया है। सीआइडी ने लोगों को सलाह दी कि वे संदिग्ध नंबरों वाले ग्रुप से न जुड़ें। ग्रुप में जुड़ने से पहले इसके संबंध में पड़ताल जरूर कर लें। सीएम के नाम से की थी फर्जी ईमेल
कुछ दिन पहले नाइजीरिया के साइबर ठगों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नाम से फर्जी ई-मेल संदेश भेजे थे। ये संदेश कई सरकारी विभागों को भेजे गए थे। इनमें मदद करने की बात कही गई थी। जब शक हुआ तो साइबर थाने में शिकायत की गई। जांच में इनका इंटरनेट प्रोटोकॉल यानी आइपी नाइजीरिया का निकला। इसके बाद विधायक राजेंद्र राणा व राकेश सिंघा को भी ऐसे ही संदेश वाले ई-मेल आए। ये भी फर्जी पाए गए।
---------- पाकिस्तान के नंबरों से संदिग्ध अपराधी वाट्सएप ग्रुप बनाकर हिमाचल के लोगों को जोड़ रहे हैं। ताजा मामला चंबा जिले से संबंधित है। इसमें 923103790433 नंबर द्वारा बनाए वाट्सएप ग्रुप से करीब 90 लोगों को जोड़ा गया है। इसमें भारत विरोधी और अश्लील सामग्री शेयर की जा रही है। लोग इस तरह के किसी ग्रुप से न जुड़ें। ऐसे ग्रुपों की जानकारी तुरंत साइबर पुलिस शिमला को दें।
-संदीप धवल, एसपी, साइबर क्राइम शिमला।