नौ की मौत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष समेत 309 कोरोना संक्रमित
हिमाचल में सोमवार को कोरोना संक्रमण से नौ लोगों की मौत हो गई। 309 नए मामले सामने आए हैं।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल में सोमवार को कोरोना संक्रमण से नौ लोगों की मौत हो गई। इनमें कांगड़ा व मंडी जिले में तीन-तीन संक्रमितों, जबकि शिमला, सिरमौर और किन्नौर में एक-एक मौत हुई है। प्रदेशभर में 309 लोगों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है व 228 स्वस्थ हुए हैं। इससे हिमाचल में कुल का आंकड़ा 12438 पहुंच गया है, जबकि 4458 एक्टिव केस हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया, उनकी पत्नी भी पॉजिटिव पाए गए हैं। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष नितेन कुमार व मोर्चा के 35 अन्य पदाधिकारी सेल्फ आइसोलेट हो गए हैं। सुंदरनगर से विधायक राकेश जम्वाल के संक्रमित पाए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार भी आइसोलेट हो गए हैं।
सिरमौर से पूर्व मंत्री रही श्यामा शर्मा की सोमवार को मौत हो गई है। उनके कोरोना जांच सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। कांगड़ा जिले में कोरोना संक्रमण से तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें मटौर के 74 वर्षीय बुजुर्ग जो कि विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त थे। उन्हें 19 सितंबर को टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। 21 सितंबर को रात 12 बजकर 45 मिनट पर इनकी मौत हो गई। टांडा में भर्ती ऊना के अम्ब की 50 वर्षीय महिला की सोमवार दोपहर बाद चार बजकर 30 मिनट पर मौत हो गई। पालमपुर के जिया निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग जो सात सितंबर से उपचाराधीन थे उनकी दोपहर बाद तीन बजकर 30 मिनट पर मौत हो गई। किन्नौर में कोरोना से 81 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। सेहत खराब होने पर स्वजन उन्हें किन्नौर अस्पताल लाए थे। कोरोना जांच के लिए सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मंडी जिले में मंडी शहर का 80 वर्षीय बुजुर्ग, ओल्ड मनाली की 62 वर्षीय महिला व सुंदरनगर के चांबी पंचायत के सकराह गांव का एक 66 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। यह मौत के बाद कोरोना पॉजिटिव निकला। मंडी जिले में कोरोना संक्रमण के 23 मामले आए हैं। जोगेंद्रनगर उपमंडल के ऐहजू में एक परिवार के सात सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। एक पांच व एक दस साल का बच्चा भी शामिल है। सुकेती खड्ड के किनारे दो कोरोना मरीजों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। मंडी शहर के टिकेश्वर शर्मा व बिलासपुर जिले के बैरी के कुलवंत सिंह की चिताएं जलीं। सिविल अस्पताल गोहर में कार्यरत लैब तकनीशियन के कोरोना पॉजिटिव आने से अस्पताल प्रबंधन ने लैब सील कर दी है।
शिमला की 92 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव थी और उसे आइजीएमसी में दाखिल किया था। उसे सास लेने में तकलीफ के साथ हाइपरटेंशन थी जिसके कारण उसकी मौत हो गई। सिरमौर से 70 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई।