लाहुल स्पीति में दो जगह गिरे हिमखंड
सोमवार को प्रदेश में ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और नीचले क्षेत्रों में वर्षा के कारण एक बार फर ठंड बढ़ गई है। सोमवार को लाहुल स्पीति में दो स्थानों पर हिमखंडों के गिरने के कारण करीब 15 गाडियां उसमें दब गई हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जागरण टीम, शिमला/मनाली : प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में सोमवार को बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के कारण एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। सोमवार को लाहुल स्पीति में दो स्थानों पर हिमखंड गिरे। पहला हिमखंड स्पीति के मने गांव में गिरा। इस कारण वहां मार्ग पर 15 वाहन फंस गए। इन वाहनों में करीब 40 लोग थे। इन सभी लोगों को प्रशासन की रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाल लिया।
दूसरा हिमखंड सिचलिग में गिरा। इस कारण मार्ग कई घंटे अवरुद्ध रहा। प्रशासन ने बाद में इस मार्ग को भी बहाल कर दिया। लाहुल स्पीति के उपायुक्त अश्विनी कुमार चौधरी ने बताया कि जिले में हालात सामान्य हैं। मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं, सोमवार को लाहुल स्पीति के सिस्सू में तीन इंच व केलंग में एक इंच बर्फबारी हुई। प्रदेश के मध्यम व निचले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हुई। इससे प्रदेश में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 26 से 31 मार्च तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। मार्च के चौथे सप्ताह में बर्फबारी व बारिश के कारण इस बार सेब के साथ अन्य फल और गेहूं, मटर, सरसों वर्गीय फसलें देर से तैयार होंगी। तापमान में लगातार हो रही गिरावट का असर सेब के साथ गुठलीदार फलों, आडू, प्लम, बादाम, नाशपाती सहित रबी की फसलों पर पड़ा है। हालांकि विशेषज्ञ मान रहे हैं कि मौसम का फसलों की पैदावार पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं होगा।
तापमान लगातार कम रहने और ठंड के कारण रबी की फसलें गेहूं, मटर, सरसों आदि देर से तैयार होंगी। मौसम का असर सेब आदि फलों के तैयार होने पर भी पड़ेगा। ओलावृष्टि से कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है।
-देसराज शर्मा, निदेशक, कृषि विभाग कहां कितना रहा तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
शिमला,10.1,13.0
सुंदरनगर,11.0,18.1
भुंतर,10.4,16.0
कल्पा,0.6,3.2
धर्मशाला,10.0,18.8
ऊना,12.3,22.2
नाहन,13.9,21.5
केलंग,-3.0,5.2
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)