फोरलेन निर्माण के कारण बस सेवा बंद होने पर महिलाओं और बच्चों ने किया चक्का जाम
जिला मंडी के बैहना में लोगों ने वाया मलोरी बग्गी जाने के लिए बसें न आने से आक्रोशित होकर बैहना में चक्काजाम कर दिया।
मंडी, जेएनएन। जिला मंडी के बैहना में लोगों ने वाया मलोरी बग्गी जाने के लिए बसें न आने से आक्रोशित होकर बैहना में चक्काजाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक ग्रामीणों ने चक्काजाम किया और आरएम परिवहन निगम को मौके पर आने के लिए अड़े रहे। सूचना मिलते ही प्रशाशन मौके पर पहुंचा। जागृति महिला मंडल बैहना की अगुवाई में स्कूली बच्चों और महिलाओं ने जोरदार हंगामा किया।
मंडी से बल्ह घाटी को जोडऩे वाली लेफ्ट बैंक गागल मार्ग की खस्ताहाली से लोग बुरी तरह से गुस्साए हुए हैं। सबसे ज्यादा हालत खराब मंडी से मलोरी बैहना तक की है, जहां से होकर फोरलेन का निर्माण हो रहा है। मंडी से मलोरी बैहना रोड़ की हालत इस कदर खराब है कि वहां से न तो निगम, न प्राइवेट बसें व अन्य वाहन ही चल पा रही है। फोरलेन के कार्य की वजह से पूरी सडक़ खराब हो चुकी है, यह एक व्यस्त मार्ग है जहां पर हर रोज सैकड़ों वाहन मंडी से घनी आबादी वाली बल्ह घाटी की ओर आते हैं। सडक़ की हालत इतनी खराब है कि स्कूल व काॅलेज जाने वाले विद्यार्थियों को पैदल ही जाना पड़ रहा है। गुसाए लोगों ने चेतावनी दी है अब मार्ग सही नहीं किया गया तो फोरलेन के काम को बंद करवा देंगे। महिला मंडल की प्रधान सुमन ने कहा बस बंद होने से लोगों को परेशानी हो रही है।