दो और साजिशकर्ता व स्पिरिट सप्लायर चंडीगढ़ से गिरफ्तार
मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के सलापड़ व कांगू पंचायत में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौत मामले में एसआइटी ने दो स्पिरिट सप्लायरों को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, मंडी : मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के सलापड़ व कांगू पंचायत में जहरीली शराब के सेवन से हुई सात लोगों की मौत मामले में विशेष जांच दल (एसआइटी) ने दो और साजिशकर्ता एवं स्पिरिट सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एसआइटी अभी तक 15 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। एक आरोपित संतोष कुमार पुत्र दीनानाथ हमीरपुर जिले के नलेहरा (बड़सर) व दूसरा अजय ग्रोवर पुत्र मनोहर लाल चंडीगढ़ के मनीमाजरा का रहने वाला है। दोनों को एसआइटी ने चंडीगढ़ से दबोचा है।
अजय ग्रोवर सिरमौर जिले के एक बाटलिग प्लांट में काम करता था। वह प्लांट का अधिकृत प्रबंधक था। कुछ माह पहले उसे प्लांट प्रबंधक ने नौकरी से निकाल दिया था। अब वह स्पिरिट सप्लाई करता था। सिरमौर व ऊना जिले के अम्ब में मिली स्पिरिट मामले में एसआइटी दोनों से दो दिन से पूछताछ कर रही थी। दोनों के विरुद्ध पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें बुधवार रात गिरफ्तार किया गया। दोनों को वीरवार को सुंदरनगर की एक अदालत में पेश किया गया। यहां से इन्हें पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। इस मामले में 19 जनवरी को गिरफ्तार सलापड़ क्षेत्र के रहने वाले चार आरोपितों को अदालत में पेश किया गया। यहां से इन्हें तीन दिन का और पुलिस रिमांड मिला है। आबकारी एवं कराधान विभाग ने जोगेंद्रनगर के गलू बाटलिग प्लांट से सप्लाई हुई प्योर संतरा शराब की 2683 पेटी बरामद की हैं। जांच में इनका रिकार्ड नहीं मिला है। अवैध शराब बनाने की साजिश चंडीगढ़, हमीरपुर व कांगड़ा में रची गई थी। इस पूरे खेल के मुख्य किरदार हमीरपुर व कांगड़ा जिले के रहने वाले हैं। डीआइजी मध्य रेंज मधुसूदन शर्मा ने जहरीली शराब मामले में दो और साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।