एक जगह दिखे तेंदुआ व स्नो लैपर्ड
मुकेश मेहरा मंडी कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में 1700 वर्ग किलोमीटर में फैले ग्रेट हि
मुकेश मेहरा, मंडी
कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में 1700 वर्ग किलोमीटर में फैले ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में तेंदुआ और स्नो लैपर्ड (बर्फानी तेंदुआ) एक ही जगह पर देखे गए हैं। बर्फानी तेंदुए की गणना के लिए हुए सर्वे में दोनों एक ही सीसीटीवी कैमरा में कैद हुए। वन्य प्राणी विंग अब इस संबंध में तथ्य जुटाने में जुटा है। इससे पहले लद्दाख में भी इन्हें एक जगह देखा गया था।
बर्फानी तेंदुए की गणना के लिए नेचर कंजरवेशन फाउंडेशन व वन्य प्राणी विंग के सर्वे में प्रदेश में 73 बर्फानी तेंदुओं का पता चला है। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में पहले 19 तेंदुए कैमरे में कैद हुए थे। इनमें दो शावक हैं, जिन्हें गणना में शामिल नहीं किया गया है। करीब 50 कैमरे नेशनल पार्क में लगाए गए थे। दो कैमरों में तेंदुआ व बर्फानी तेंदुए की एक ही जगह मौजूदगी दर्ज हुई है। जानकारों का मानना है कि शिकार के लिए बर्फानी तेंदुआ कितनी नीचे तक आ सकता है या तेंदुआ भी शिकार के लिए अधिक ऊंचाई तक चला जाता है। हालांकि दोनों के एक-दूसरे के क्षेत्र में आने-जाने के प्रभावों पर अभी तक कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में दो जगह यह गतिविधियां होने के बाद विशेषज्ञ इस बात का पता लगाने में जुट गए हैं। यह फुटेज देहरादून स्थित मुख्य कार्यालय को भी भेजी गई है।
----------
रास्ते में विचरता दिखा जाजुराणा
स्वभाव से शर्मिला राज्य पक्षी जाजुराणा लॉकडाउन के दौरान और उसके बाद भी आम रास्तों में विचरण करता दिखा है। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के वनरक्षकों ने इसकी गतिविधियों को देखा है। आमतौर पर जाजुराणा सामने नहीं आता है। इसे तलाशना भी मुश्किल होता है।
----------
तेंदुआ व बर्फानी तेंदुआ एक जगह दिखे हैं। बर्फानी तेंदुए की गणना के लिए हुए सर्वे में यह पता चला है। दो सीसीटीवी कैमरों में ये एक जगह दिखे हैं। इससे पता चला है कि दोनों एक-दूसर के इलाके में आते हैं।
-सचिन शर्मा, डीएफओ वन्य प्राणी विंग शमशी, कुल्लू।