Move to Jagran APP

राजदेई से पहले कृष्णी देवी से भी हुई थी क्रूरता

सरकाघाट उपमंडल की गाहर पंचायत के बड़ा समाहल गांव में वृद्धा से कू्ररता मामले में नया खुलासा हुआ है।

By JagranEdited By: Published: Fri, 15 Nov 2019 07:45 PM (IST)Updated: Sun, 17 Nov 2019 06:17 AM (IST)
राजदेई से पहले कृष्णी देवी से भी हुई थी क्रूरता
राजदेई से पहले कृष्णी देवी से भी हुई थी क्रूरता

जागरण संवाददाता, मंडी : सरकाघाट उपमंडल की गाहर पंचायत के बड़ा समाहल गांव में देवता की आड़ में वृद्धा से क्रूरता मामले में नया खुलासा हुआ है। राजदेई से पहले कृष्णी देवी से भी क्रूरता हुई थी। तथाकथित पुजारिन की शह पर एक माह से यहां पर बुजुर्गो को परेशान किया जा रहा था। उसके रास्ते में जो भी बाधा बना, उसे ग्रामीणों से जलील करवा गांव छोड़ने पर विवश कर दिया गया। राजदेई से पहले वृद्धा कृष्णी देवी के साथ भी अमानवीय व्यवहार हुआ है। उसे करवाचौथ के दिन कई लोगों की उपस्थिति में प्रताड़ित किया गया। पुजारिन ने ग्रामीणों को देव आज्ञा बताते हुए कथित तौर पर कृष्णी देवी पर थूकने का आदेश दिया था। आरोप है कुछ ग्रामीणों ने कृष्णी देवी पर थूका भी था। कृष्णी देवी प्रताड़ना का शिकार हुए सेवानिवृत्त शिक्षक जयगोपाल की बहन है। उस पर भी पुजारिन निशा ने जादू-टोना करने के आरोप लगाए थे। प्रताड़ना से आहत होकर कृष्णी देवी गांव छोड़कर रिश्तेदार के यहां पिगला चली गई थी। करीब एक माह से अब वहीं रह रही है। कृष्णी देवी की कोई संतान नहीं है। पुजारिन के कहने पर देवता के साथ आए 50 से अधिक लोगों ने उससे भी मारपीट की थी। घर का सामान जला डाला। कृष्णी देवी ने शुक्रवार को मंडी में पत्रकारों को आपबीती सुनाई। प्रताड़ित सेवानिवृत्त शिक्षक ने स्वजनों सहित ससुराल में ली शरण

loksabha election banner

सेवानिवृत्त शिक्षक जयगोपाल ने कहा उसके साथ भी छह नवंबर की सुबह मारपीट की गई। सात नंवबर को शिकायत पर थाना प्रभारी सरकाघाट मौके पर आए। पुजारिन ने देवता के आदेश पर मारपीट करने की बात कही। पुलिस को अपने जख्म भी दिखाए। कार्रवाई करने के बजाय समझौता करवा दिया गया। पुलिस के गांव से जाते ही पुजारिन देवरथ लेकर जयगोपाल के घर पहुंच गई। घर में तोड़फोड़ करवाई। सामान बाहर फेंक कर जला दिया गया। डर के मारे जयगोपाल भी घर छोड़ने को मजबूर हो गया। अपने मवेशियों व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अब ससुराल पिगला में रह रहा है। जयगोपाल ने बताया जान बचाने के लिए रात को जंगल के रास्ते छह किलोमीटर भाग कर गया। पुलिस ने कार्रवाई की होती तो आरोपित उसी दिन पकड़े जाते। समाजसेवी संजय शर्मा ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल

समाजसेवी संजय शर्मा ने पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाया। पुलिस पर जानबूझ कर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। मामले की मजिस्ट्रेट जांच की मांग की।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.