भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने के लिए करती है काम : राजनाथ सिंह
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा अनुशासित पार्टी है। राजनाथ सिंह ने मंडी में भाजपा के एक सम्मेलन को संबोधित किया।
जेएनएन, मंडी। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हिमाचल में परिवर्तन में मंडी क्षेत्र की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा आने वाला समय भी भाजपा का है और जनसमर्थन जुटाने का काम पन्ना प्रमुख कर सकते हैं। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। राजनाथ सिंह बुधवार को मंडी के पड्डल मैदान में पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं देश बनाने के लिए काम करती है। भाजपा अकेले व गठबंधन की सरकार चलाने में माहिर है। 24 दलों की सरकार अटल जी ने चलाकर दिखाई। भाजपा ने 2014 में अकेले बहुमत की सरकार बनाई। अर्थव्यवस्था के मामले में भारत 2014 में नौवें स्थान पर था आज छठे स्थान पर है। 2030 तक दुनिया में तीसरे स्थान पर होगा। भाजपा छलकपट की राजनीति नहीं करती है। उन्होंने भाजपा के पन्ना प्रमुखों से आहवान किया कि वे जनता के बीच में जाएं वहां लंबे चौड़े वादे न करें सही बात रखकर अपनी विश्वसीनयता बनाएं।
कांग्रेस के हाथ में संपत्ति और विपत्ति बन जाती है राजनीति
विश्वसनीयता व विश्वास का संकट भारत की राजनीति में पैदा हुआ है। भाजपा इसे चुनौती के रूप में ले रही है। कांग्रेस ने 55 साल राज किया, लेकिन जनता का विश्वास नहीं जीत पाई। उन्होंने कहा जो काम हो सकते हैं उन्हें ही घोषणा पत्र में शामिल करें। कांग्रेस ने देश में विश्वास का संकट पैदा किया। उन्होंने कहा कि राजनीति जब राम के हाथ जाती है तो भक्ति बन जाती है। भगवान कृष्ण के हाथ में युक्ति, गांधी व सुभाष के हाथ में शक्ति व भक्त सिंह के हाथ में मुक्ति बन जाती है। जब कांग्रेस के हाथ में जाती है तो संपत्ति और विपत्ति बन जाती है। कांग्रेस आज देश में जातिगत राजनीति करना चाहती है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति में अच्छा व्यक्ति ही सफल हो सकता है। संगठन में जो दायित्व मिले उसे ईमानदारी से निभाएं। प्रदेश की जय राम सरकार विकास को लेकर काम कर रही है। सभी राज्यों को अपनी जिम्मेदारी का सही ढंग से निर्वाह करना चाहिए, इससे ही देश मजबूत बनेगा। आज भारत की एक ताकतवर देश के रूप में दनिया में पहचान बनी है।
इंदिरा ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण मोदी ने किया सामान्य करण
राजनाथ सिंह ने कहा कि पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया था, जबकि मोदी ने बैंकों का सामान्य करण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बैंकों के साथ सबको जोड़ा है। उन्होंने कहा सरकार नक्सलवाद को लेकर गंभीर है। आज नक्सलवाद 90 जिलों से सिमट कर 8 जिलों में रह गया है। तीन साल में देश से नक्सलवाद पूरी तरह से खत्म कर देंगे।
पाकिस्तान आतंक की जड़
राजनाथ सिंह ने कहा कि बहादुर भारतीय सेना ने कश्मीर में आतंक की कमर तोड़ कर रख दी है। आतंकवाद से देश को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। पाकिस्तान आतंकवाद की जड़ है। उन्होंने कहा पाकिस्तान अगर ईमानदारी दिखाए तो भारत आतंकवाद खत्म करने में पाकिस्तान की मदद को तैयार है। भारत शांति चाहता है।
मंडी में जीत रामस्वरूप की नहीं पन्ना प्रमुखों की होंगी
उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार रामस्वरूप की जीत नहीं ब्लकि यह जीत पन्ना प्रमुखों की होंगी। इसके लिए आज से ही तैयारी शुरू कर दें। इससे पूर्व सम्मेलन को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल में सरकार विकास करवा रही है। 11 माह पहले डबल इंजन जुड़ने से विकास के काम ने गति पकड़ी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।