बारिश ने तोड़ा नौ साल का रिकॉर्ड
बारिश ने तोड़ा नौ साल का रिकॉर्ड टूट गया है।
जागरण टीम, मंडी/गोहर : मंडी जिला में नौ साल के बाद तीन दिनों के स्पेल में सबसे अधिक बारिश हुई है। सोमवार ढाई बजे तक इस अवधि में 96 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार बारिश होने से क्षेत्र में तापमान दस डिग्री नीचे लुढ़क गया है। मौसम में अचानक हुए बदलाव से क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप हो गया है। शिकारी देवी समेत अन्य उंची चोटियों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। इससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
जिला में तीन दिन के छोटे स्पेल में साल 2006 में इससे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस दौरान क्षेत्र में 188 मिलीमीटर बारिश हुई है। जबकि सितंबर 2009 में अंतिम बार जिला में तीन दिनों की अवधि में 150 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है। जिला में बारिश से तापमान में एकाएक दस डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। 19 से 21 सितंबर तक जिला में तापमान औसतन 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। अब अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस है।
सोमवार को माता शिकारी देवी की पहाड़ी पर सुबह करीब आधा घंटा तक बर्फ गिरने से तापमान लुढ़क गया है। एसडीएम थुनाग सुरेंद्र मोहन ने बताया शिकारी देवी में सुबह के समय एक इंच ताजा बर्फबारी हुई है। श्रद्धालुओं को खराब मौसम के दौरान शिकारी माता मंदिर की तरफ नहीं जाने का आह्वान किया है। सरकाघाट व धर्मपुर क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर हैं। जमीन दलदल में बदलने लगी है। भागीरथ, प्रेमचंद, विजय कुमार, सोहनलाल, सीताराम, रूप लाल, रोशन लाल, राम लाल, उर्मिला, सुनीता, सपना देवी, देवदत सहित अन्य ने बताया उनकी मक्की और धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।