सीएमओ के खिलाफ महासंघ ने बुलंद की आवाज
जोनल अस्पताल मंडी में अरापत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष एनआर ठाकुर के तबादले के मामले पर वीरवार को संघ के कर्मचारियों ने अस्पताल के गेट पर धरना प्रदर्शन कर सीएमओ के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद एक रैली निकालकर अतिरिक्त उपायुक्त मंडी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें अस्पताल में हो रहे भ्रष्टाचार की जांच और सीएमओ को निष्कासित करने की मांग उठाई गई। साथ ही कहा कि प्रदेश भर में ऐसे कृत्य के खिलाफ यूनियन धरना प्रदर्शन करेगी।
जागरण संवाददाता, मंडी : जोनल अस्पताल मंडी में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष एनआर ठाकुर के तबादले के मामले पर वीरवार को संघ के कर्मचारियों ने अस्पताल के गेट पर धरना प्रदर्शन कर सीएमओ के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद एक रैली निकालकर अतिरिक्त उपायुक्त मंडी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें अस्पताल में हो रहे भ्रष्टाचार की जांच और सीएमओ को निलंबित करने की मांग उठाई गई। साथ ही कहा कि प्रदेश भर में ऐसे कृत्य के खिलाफ यूनियन धरना प्रदर्शन करेगी। पदोन्नति के बाद एनआर ठाकुर को रातों रात ही रिलीव कर दिया गया था। इसके बाद कर्मचारी राजनीति में हलचल तेज हो गई थी। बिलासपुर में ज्वाइनिंग देने के कुछ घंटे बाद मुख्यमंत्री ने एनआर ठाकुर का तबादला दोबारा मंडी कर दिया था। सीएमओ द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में महासंघ के राज्यस्तरीय नेताओं ने जोनल अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री गोपाल जिस्टा, उप प्रधान अरविद मोदगिल, प्रदेश सचिव जय किशन राणा आदि ने कहा कि एक राजनीति के तहत अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष एनआर ठाकुर को प्रमोशन देकर बिलासपुर तबादला कर दिया गया था, जबकि ठाकुर नहीं जाना चाहते थे। मुख्यमंत्री को गुमराह किया गया था। जब मामला उनके समक्ष रखा गया तो उन्होंने ठाकुर के तबादला आदेश रद कर दिए। इसके लिए हम मुख्यमंत्री के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि सीएमओ मंडी जीवानंद ठाकुर मनमर्जी से काम कर रहे हैं तथा अस्पताल में हो रही खरीददारी में भ्रष्टाचार चला हुआ है। उक्त नेताओं ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री कर्मचारी हितैषी है तथा केवल उनको गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रदेश सरकार से मांग है कि जिला अस्पताल में चल रहे भ्रष्टाचार आदि का आडिट किया जाए। इसके बाद अस्पताल में कर्मचारियों ने रैली निकालते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और वहां पर अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा है। इस मौके पर प्रदेश सचिव आशुतोष गोयल, मिलाप शर्मा अध्यक्ष मल्टीपर्पस हेल्थ वर्कर एसोसिएशन, महामंत्री सुरेश चंदेल, उपाध्यक्ष सोहन ठाकुर सहित अन्य कर्मचारी नेता मौजूद थे।