आरोपितों की जमानत को हाईकोर्ट में चुनौती देगी पुलिस
जागरण संवाददाता मंडी सराज हलके के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जंजैहली के क्लर्क पदम ि
जागरण संवाददाता, मंडी : सराज हलके के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जंजैहली के क्लर्क पदम सिंह मौत मामले में नामजद वेदराम व गोपाल सिंह की जमानत को पुलिस हाईकोर्ट में चुनौती देगी। पुलिस ने इसका खाका तैयार कर लिया है। अगले सप्ताह पुलिस हाइकोर्ट में याचिका दायर कर सकती है। इसके लिए कानूनविदों की राय ली जा रही है।
दोनों आरोपितों को दो दिन पहले सत्र न्यायालय मंडी से जमानत मिल चुकी है। दोनों न्यायिक हिरासत में जिला कारागार मंडी में बंद थे। दोनों को जमानत मिलने के बाद पुलिस की मुश्किल और बढ़ गई है। करीब 26 दिन की जांच के बाद आरोपितों के विरुद्ध पुलिस के हाथ कोई अहम सुराग नहीं लग पाया है। मामला हादसा, हत्या व आत्महत्या के बीच उलझ कर रह गया है।
वेदराम व गोपाल सिंह ने पदम सिंह को 12 दिसंबर की रात उसके घर से समीप छोड़ा था। 13 दिसंबर की सुबह पदम सिंह का शव पथरीले रास्ते में पड़ा मिला था। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध हत्या व अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज कर किया था। दोनों आरोपित 22 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर रहे थे।
आरोपितों के विरुद्ध कोई पुख्ता सुराग न मिलने पर पुलिस ने दोनों का लाई डिटेक्टर टेस्ट करवाने का निर्णय लिया था। इसके लिए थुनाग की अदालत से पुलिस को अनुमति मिल गई है। दोनों आरोपितों ने भी टेस्ट के लिए अपनी सहमति दे दी है। अब तक की जांच में आरोपितों का इतना ही कहना है कि शादी समारोह में उन्हें शराब का सेवन किया था। वह पदम सिंह को उसके घर के समीप छोड़ कर आए थे। इससे ज्यादा उन्हें कोई जानकारी नहीं है। डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार का कहना है कि आरोपितों की जमानत को हाईकोर्ट में चुनौती देने की तैयारी की जा रही है।