गृह मंत्री राजनाथ सिंह के मंडी दौरे पर एनएसजी ने डाला डेरा
गृह मंत्री राजनाथ सिंह के प्रवास को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने मंडी में डेरा डाल दिया है।राजनाथ सिंह चंडीगढ़ से मंडी हेलीकॉप्टर में आएंगे।
मंडी, जेएनएन। गृह मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने मंडी में डेरा डाल दिया है। सोमवार को एनएसजी के अधिकारियों ने उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर, पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा व भाजपा नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, सम्मेलन में कार्यकर्ताओं व नेताओं की उपस्थिति पर चर्चा हुई। एनएसजी के अधिकारियों ने बैठक के बाद पड्डल मैदान, विपाशा सदन व कांगणी हेलीपैड स्थल का दौरा कर वहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। राजनाथ सिंह चंडीगढ़ से मंडी हेलीकॉप्टर में आएंगे। उनका हेलीकॉप्टर कांगणी में उतरेगा। वहां से वह वाहन में पड्डल मैदान तक आएंगे। एनएसजी के अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर रिहर्सल की।
700 जवान व नौ अधिकारी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
पन्ना प्रमुख सम्मेलन को लेकर छोटी काशी को आठ सेक्टर में विभाजित किया गया है। पड्डल मैदान को दो सेक्टरों, चार सेक्टरों में यातायात व्यवस्था, एक सेक्टर में कांगणी हेलीपैड व एक सेक्टर में विपाशा सदन रखा गया है। पुलिस के करीब 700 जवान यातायात व कानून व्यवस्था संभालेंगे। प्रदेश की विभिन्न बटालियनों से सोमवार दोहपर बाद पुलिस जवान मंडी पहुंच गए हैं। एक सेकटर में एक पुलिस अधिकारी मौजूद रहेगा। पड्डल मैदान में किसी को बिना पहचान पत्र से प्रवेश नहीं मिलेगा। पड्डल पहुंचने तक पन्ना प्रमुखों को एक से दो किलोमीटर सफर पैदल तय करना होगा। वाहनों को पड्डल तक आने की इजाजत नहीं होगी। बटालियनों से आए जवानों को उनकी ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया है। पड्डल मैदान के चारों तरफ ऊंची इमारतों पर शार्प शूटर तैनात रहेंगे।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह के मंडी दौरे को देखते हुए एनएसजी टीम ने पड्डल व कांगणी का दौरा किया है। सम्मेलन में कानून व यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 700 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
-गुरदेव शर्मा, पुलिस अधीक्षक, मंडी।