चुनाव साल में बढ़ी नजदीकियां, साथ दिखे जयराम व अनिल
चुनावी वर्ष आरंभ होते ही मंडी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
जागरण संवाददाता, मंडी : चुनावी वर्ष आरंभ होते ही मंडी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को मंडी सदर में मुख्यमंत्री के दो कार्यक्रम हुए। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सदर के विधायक अनिल शर्मा एक साथ दिखे। दोनों में नजदीकियां बढ़ी हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को मंडी में 15 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों के कोरोना टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करना था। इस दौरान अनिल शर्मा मुख्यमंत्री के आने से पहले वहां पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूरा मान सम्मान देते हुए टीकाकरण अभियान के शुभारंभ पर अनिल शर्मा को अपने साथ रखा। बच्चों से बातचीत करते समय और पहला टीका लगने से पहले मुख्यमंत्री ने अनिल शर्मा को बुलाकर अपने साथ खड़ा किया। इसके बाद पड्डल मैदान में शुरू हुई नार्थ जोन की महिला वर्ग की अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में भी दोनों ने मंच साझा किया। इस दौरान दोनों आपस में चर्चा करते नजर आए। दिल्ली चले गए थे अनदेखी से खफा अनिल
गत दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंडी दौरे के दौरान अपनी अनदेखी से खफा अनिल शर्मा स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर दिल्ली चले गए थे। अब मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जिस तरह से उन्होंने पूरा समय दिया, वह मंडी के गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। हालांकि पहले मंत्री पद न मिलने और प्रदेश में हुए उपचुनाव के दौरान घर से नहीं निकलने के कारण भी भाजपा विधायक अनिल शर्मा और संगठन में दूरी थी। सोमवार को हुए मुख्यमंत्री के दोनों कार्यक्रमों में अनिल शर्मा की मौजूदगी और मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें दी गई तवज्जो ने मंडी की राजनीति में फिर हलचल पैदा कर दी है।