शोक जताने नहीं पहुंचा कांग्रेस का कोई केंद्रीय नेता
जागरण संवाददाता मंडी पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के निधन पर शोक जताने सात दिन बाद भ
जागरण संवाददाता, मंडी : पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के निधन पर शोक जताने सात दिन बाद भी कांग्रेस का कोई केंद्रीय नेता मंडी नहीं पहुंचा है। राजस्थान के जयपुर में चिंतन शिविर में भी कांग्रेस नेतृत्व ने दो मिनट मौन तक नहीं रखा। इससे पंडित सुखराम के स्वजन व समर्थकों में रोष है। क्षेत्र की जनता में इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सहप्रभारी संजय टंडन सहित कई मंत्री, विधायक व संगठन के पदाधिकारी सदर हलके के विधायक अनिल शर्मा के घर बाड़ी पहुंचकर पंडित सुखराम के निधन पर शोक जता चुके हैं। अंतिम संस्कार में भी कांग्रेस का कोई केंद्रीय नेता नहीं पहुंचा था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंत्रियों व विधायकों के साथ सेरी मंच में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम व अंतिम संस्कार में हनुमानघाट पहुंचे थे। कांग्रेस की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पत्र लिखकर ही शोक जताया है।
सोमवार को अस्थि कलश पंडित सुखराम के पैतृक गांव कोटली में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। क्षेत्र के हजारों लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। पोता आश्रय शर्मा अस्थि कलश के साथ कोटली गया था। मंगलवार को पंडित सुखराम की अस्थियां हरिद्वार में गंगा में विसर्जित की जाएंगी। ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने बाड़ी पहुंचकर अनिल शर्मा से पंडित सुखराम के निधन पर शोक जताया। दोपहर बाद आशा कुमारी, विप्लव ठाकुर व आशीष बुटेल भी शोक जताने पहुंचे। भाजपा के प्रदेश से राष्ट्रीय नेतृत्व ने जिस तरह से पंडित सुखराम को लेकर सहानुभूति दिखाई है उससे राजनीतिक अटकलों का दौर भी शुरू हो गया है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि अनिल शर्मा अब भाजपा में रहकर अपनी राजनीतिक पारी को आगे बढ़ाएंगे।