घर में खेलते हुए गिरी मंत्री की पोती, सिर में आई गंभीर चोट; हेलिकॉप्टर से पहुंचाई आइजीएमसी शिमला
जल शक्ति मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह ठाकुर की पोती घर में खेलते हुए करीब दस फीट की ऊंचाई से गिर गई। 10 साल की शानवी को गंभीर चोटें आई हैं।
धर्मपुर, जेएनएन। जल शक्ति मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह ठाकुर की पोती घर में खेलते हुए करीब दस फीट की ऊंचाई से गिर गई। 10 साल की शानवी को गंभीर चोटें आई हैं। उसे स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आइजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है। मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर में बच्ची को शिमला पहुंचाया गया। मंडी से बिलासपुर के लुहणू में हेलिकॉप्टर के माध्यम से बच्ची को शिमला पहुंचाया गया।
रविवार को बच्ची घर में खेल रही थी, अचानक उसका पांव फिसल गया और पक्के फर्श पर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं तथा सिर से खून बहने लगा। परिवार के सदस्य उसे फौरन नागरिक अस्पताल धर्मपुर में उपचार के लिए ले गए। यहां चिकित्सा प्रभारी राजेंद्र ने सिर पर लगी गंभीर चोट को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार देकर मंडी जोनल अस्पताल रेफर किया। यहां से उसे आइजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया गया।
शानवी पुत्री रजत ठाकुर शिमला में पढ़ती है। कोरोना वायरस के कारण स्कूल बंद होने के कारण वह पैतृक गांव चंजयार में आई थी। परिवार के सदस्य भी साथ ही शिमला के लिए रवाना हो गए। बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई है, इस कारण उसकी आइजीएमसी शिमला में सर्जरी की जाएगी।