एकजुट होकर मुख्यमंत्री को उपहार देंगे मंडीवासी : पाल
जागरण संवाददाता मंडी नगर निगम मंडी के चुनाव के लिए भाजपा ने प्रचार अभियान तेज कर दिया ह
जागरण संवाददाता, मंडी : नगर निगम मंडी के चुनाव के लिए भाजपा ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। भाजपा ने हर वार्ड के लिए प्रचार कमेटी का गठन किया है। जिन पदाधिकारियों व अन्य नेताओं की ड्यूटी प्रचार अभियान में लगी है, उन्होंने मोर्चा संभालना शुरू कर दिया है। वीरवार को जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा ने पड्डल वार्ड में नुक्कड़ सभा कर मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी की जनता को जो तोहफा दिया है, उसके बदले हमारा भी कर्तव्य बनता है कि नगर निगम भाजपा की झोली में डाल कर मंडी से पहली बार मुख्यमंत्री बने जयराम ठाकुर के हाथ और मजबूत करें। उन्होंने लोगों से अपील की मुख्यमंत्री का पद बड़ी मुश्किल से किसी जिला को मिलता है और जो मौका मंडी को मिला है अब उसे न छोड़ें।
मंगवाई वार्ड में मिल्कफेड के चेयरमैन निहालचंद शर्मा ने मतदाताओं को भाजपा सरकार की उपलब्धियों व कल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग के लिए अनेकों योजनाएं बनाई गई हैं, इसका भरपूर लाभ लोगों को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया मंडी की जनता नगर निगम चुनाव में सभी वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करेगी और मुख्यमंत्री को एक यादगार तोहफा जीत के रूप में देगी। इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव मांचली ठाकुर, बूथ अध्यक्ष योगेश शर्मा, सोमेश शर्मा, नीरज वोहरा आदि उपस्थित रहे।