यूट्यूब पर सुर्खियां बटोर रहा बरखा रही छम-छम गीत
बॉलीवुड के दिग्गज गायक कलाकार सुरेश वाडेकर शुभा मुदगल कैलाश खेर अनुराधा पोडवाल सहित कई गायकों को गवा चुके बॉलीवुड संगीत निर्देशक मंडी निवासी बाल कृष्ण शर्मा इन दिनों अपने मंडियाली लोक गीत बरखा री छम-छम को लेकर सुर्खियों में हैं।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर : संगीत निर्देशक मंडी निवासी बाल कृष्ण शर्मा मंडियाली लोक गीत बरखा री छम-छम को लेकर सुर्खियों में हैं। चंबा के लोक गायक पियूष राज की बेटी इंडियन आइडल फेम दीक्षा तूर ने इस गाने का गाया है। यह गीत यूट्यूब पर छाया हुआ है।
सागर हमीरपुरी की ओर से लिखित इस गीत की शूटिंग सूरजकुंड में की गई है। गीत का वीडियो निर्देशन प्रत्यूष तूर और इसके डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी सोम जोशी हैं। गुरु पंडित देवकी नंदन को समर्पित किए इस लोक गीत के बारे में बाल कृष्ण शर्मा ने बताया कि इसमें बांसुरी, शहनाई, सरोद और वायलन जैसे साजों का प्रयोग किया है। इससे पहले शास्त्रीय व बॉलीवुड गायिका शुभा मुदगल की आवाज में उनके द्वारा निर्देशित पहाड़ी गीत हरिद्वारा वे जांदयो को हिमाचल के साथ ही बॉलीवुड में खासा पसंद किया गया। उन्होंने बताया कि वह हिमाचली संस्कृति के संरक्षण के लिए काम कर रहे हैं।
इन फिल्मों के लिए मिल चुका है अवॉर्ड
बाल कृष्ण शर्मा को वर्ष 2015 में राजस्थानी पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म चूड़ा एक प्रथा के लिए दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और वर्ष 2017 में ब्रीणा के लिए हिसार फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक के अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने सुरेश वाडेकर, शुभा मुदगल, कैलाश खेर, अनुराधा पोडवाल सहित कई गायकों के साथ काम किया है।