कागजों में वर्क इज प्रोग्रेस लिखने से नहीं, धरातल पर दिखें काम : महेंद्र
जागरण संवाददाता मंडी जलशक्ति एवं बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि विकास कायो
जागरण संवाददाता, मंडी : जलशक्ति एवं बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि विकास कार्यों में रोड़ा अटकाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। विभिन्न विभागों के पास करीब 12000 करोड़ रुपये अनस्पेंड पड़ा है। पैसा खर्च क्यों नहीं हुआ, कैबिनेट सब कमेटी प्रदेश भर में बैठक कर इसका पता लगा रही है। विकास कार्य तय अवधि में पूरे हों सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है।
बुधवार को मंडी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अनस्पेंड मनी का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। कोरोना काल में विकास कार्य प्रभावित न हों, जिन विकास कार्यों में कानूनी या कोई अन्य तकनीकी बाधा है। उनका पैसा उसी हलके में अन्य विकास कार्यों पर खर्च होगा। मंडी जिले में लोक निर्माण व ग्रामीण विकास विभाग के पास करीब 600 करोड़ रुपये अनस्पेंड पड़ा हुआ है। अब कागजों में वर्क इज प्रोग्रेस दिखाकर काम नहीं चलेगा। धरातल पर काम दिखना चाहिए। प्रदेश भर में विकास कार्यों की प्रगति जानने के लिए औचक निरीक्षण होंगे। नदी नालों में हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए मास्टर प्लान बनाया जा रहा है। नदी नालों की नीलामी होगी। इससे सरकार को राजस्व मिलेगा। जलरक्षकों को नियमित करने की प्रक्रिया चल रही है।
इस मौके पर सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक इंद्र सिंह गांधी, प्रकाश राणा, राकेश जम्वाल, हीरालाल, कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार भी मौजूद थे।
----------------
जंग हुई तो फिर जाऊंगा सीमा पर लड़ने
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि वह सेना में रहे हैं। पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में भाग ले चुके हैं। चीन ने जो कायराना हरकत की है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर लड़ाई हुई तो वह जंग में भाग लेने सीमा पर जाएंगे। अब भी दुश्मन को मात देने का माद्दा रखते हैं।
---------
सदर हमारे दिल में विधायक का पता नहीं
सदर हलके के विधायक अनिल शर्मा की गैरमौजदूगी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सदर क्षेत्र हमारे दिल में विधायक का पता नहीं, वह कहां हैं।