अब भालडुघ गांव पर मंडराया पहाड़ी दरकने का खतरा
संवाद सहयोगी जोगेंद्रनगर उपमंडल जोगेंद्रनगर की रोपा-पद्धर पंचायत में भूस्खलन का सिलसिला लगा
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : उपमंडल जोगेंद्रनगर की रोपा-पद्धर पंचायत में भूस्खलन का सिलसिला लगातार जारी है। इसी पंचायत के मंडवाणा, घरोट गांव के बाद अब भोलडुघ गांव पर भी पहाड़ी दरकने का खतरा मंडरा गया है। बुजुर्ग धांधू राम और सुभाष चंद का मकान भूस्खलन की जद में आ गया है।
शुक्रवार को पटवारी हल्का प्रवीणा देवी ने मौके का जायजा लेकर जो विस्तृत रिपोर्ट स्थानीय प्रशासन को सौंपी है। इसमें गांव के दो घरों को खतरा बताते हुए एहतियातन कदम उठाने का आग्रह किया है। इससे पहले रोपा-पद्धर पंचायत के मंडवाणा और घरोट गांव में हो रहे भूस्खलन से दोनों गांव के 20 परिवार सहमे हुए हैं। दैनिक जागरण ने भूस्खलन का मामला जब प्रमुखता से उजागर किया तो उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने स्थानीय प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीम को हालात का जायजा लेने मौके पर भेजा था। उधर, पंचायत प्रधान राकेश कुमार के अनुसार मंडवाणा और घरोट गांव के बाद भोलडुघ गांव में भारी भूस्खलन हुआ है। उन्होंने भूस्खलन की जानकारी हल्का पटवारी को दी थी। मौके का निरीक्षण किया गया है, लेकिन पंचायत के तीनों गावों में अभी भी भूस्खलन का खतरा मंडराया हुआ है।
----------
रोपा-पद्धर पंचायत के भोलडुघ गांव में भी भूस्खलन की जानकारी प्रशासन को मिली थी। हलका पटवारी की रिपोर्ट राजस्व विभाग को प्रेषित की है। मामला ध्यान में है। एहतियातन कदम प्रशासन की ओर से उठाए जा रहे हैं।
-अमित मेहरा, एसडीएम जोगेंद्रनगर।