मोदी ने प्रदेश की जनता को किया निराश : कौल
सहयोगी पद्धर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री
सहयोगी, पद्धर : पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश को पूरी तरह अनदेखा किया है। मंडी रैली में मोदी ने प्रदेश के लिए कोई भी आर्थिक पैकेज या सौगात नहीं दी। जनता को पीएम से हिमालयन रेजिमेंट, रेलवे विस्तारीकरण और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मिलने की उम्मीद थी, जो धराशायी हो रह गई। कौल सिंह मंगलवार को पंडोह स्थित सियोल पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में द्रंग ब्लाक कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने रैली पर करोड़ों रुपये खर्च कर दिए, लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जनता की मांगों को प्रधानमंत्री के समक्ष उठाने में नाकाम रहे। डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश की जनता को पूरी तरह निराश किया है। मुख्यमंत्री कर्ज पर कर्ज लेकर प्रदेश पर बोझ डाल रहे हैं। इससे प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था भी चरमरा कर रह गई है। ऐसी जनविरोधी सरकार की विदाई तय है तथा कांग्रेस 50 से 60 सीटें जीतेगी। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से जन जागरण अभियान शुरू कर सरकार की नाकामियां लोगों तक पहुंचाने के लिए कहा। इस चुनावी वर्ष में पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने बूथ और पंचायत से बढ़त दिलाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना होगा।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के सदस्यता अभियान का आगाज भी किया गया। इसके लिए सभी पंचायतों से आए पंचायतस्तरीय कार्य समिति के पदाधिकारियों को में सदस्यता फार्म वितरित किए गए। बैठक को द्रंग कांग्रेस प्रभारी राकेश चौहान, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष वामन देव ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ और पंचायत स्तरीय कमेटी के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।