डीजे बजाने पर हुए विवाद के बाद जलाई जीप
उपमंडल एक शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : उपमंडल एक शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद जीप को आग लगा दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जगैहड़ा गांव में एक शादी समारोह में डीजे बजाने के लिए डीजे संचालक और आयोजकों में विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पुलिस के पास दर्ज शिकायत में एक पक्ष ने आरोप लगाया कि डीजे संचालक ने शादी समारोह में रॉड से एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। वहीं समारोह से कुछ दूरी पर टिकरू में डीजे संचालक की सड़क किनारे खड़ी जीप को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। इसका पता सुबह उस समय चला जब डीजे संचालक सड़क पर जीप के पास पहुंचा। उसने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाकर तीन लोगों के खिलाफ शक जाहिर किया है। इस घटना में डीजे संचालक को लाखों रुपये नुकसान हुआ है।
जीप संचालक की ओर से दर्ज करवाई शिकायत में कहा गया है कि विवाह से लौटने के बाद उसने अपनी जीप बनौन स्कूल के पास खड़ी की और घर चला गया। अगली सुबह जब लौटा तो देखा कि जीप पूरी तरह जली हुई थी। उसने शादी समारोह में शामिल तीन लोगों पर शक जाहिर किया है जिनके साथ उसका विवाद हुआ था। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस थाना जोगेंद्रनगर के प्रभारी संदीप शर्मा ने कहा कि इस मामले में दो एफआइआर दर्ज हुई है। मामले की जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपितों को बेनकाब कर दिया जाएगा।