बागवानी को बढ़ावा देने पर खर्च होंगे 1688 करोड़ : महेंद्र
सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र ठाकुर ने बुधवार को धर्मपुर हलके के चलाल, रियूर, पाधर, कथैली, डिढणू, भरेड़का, थाणा, लंगरेड में लोगों की समस्याएं सुनीं।
सहयोगी, धर्मपुर : सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र ठाकुर ने बुधवार को धर्मपुर हलके के चलाल, रियूर, पाधर, कथैली, डिढणू, भरेड़का, थाणा, लंगरेड में लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकतर समस्याओं का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया। कहा प्रदेश में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 3267 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई हैं। सिद्धपुर से कमलाह मंडप उठाऊ पेयजल योजना पर 121 करोड़ रुपये व्यय होंगे। अधिकारियों को शीघ्र ही इस योजना को युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए गए। लोगों को यातायात की बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए बनाल से डिढणू वाया पांडला देवा सड़क के लिए 4 करोड़ 66 लाख रुपये नावार्ड के तहत स्वीकृत किए गए हैं। इस सड़क के पक्का होने से बनाल, डिढणू, रियूर, कथैली तथा हवाणी के लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने विभाग के अधिकारियों को रियूर नाला गांव चलाल तथा कलस्वायी नाला हरिजन बस्ती में क्रेटबॉल लगाने के भी निर्देश दिए। महेंद्र ¨सह ने कहा निचले क्षेत्रों के लिए 1688 करोड़ रुपये की बागवानी परियोजना स्वीकृत की गई है। परियोजना के संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए 21 सितंबर को धर्मपुर में शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने विभिन्न महिला मंडल रियूर, जयपांडला देवा रियूर, सरस्वती महिला मंडल हरिजन बस्ती, डिढणू, अपर डिढणू, तथा महिला मंडल ठाणा सनयारढी को 20-20 हजार रुपये देने की घोषणा की। किरणा देवी पत्नी साहु राम रियूर, सुनीता देवी पत्नी संजय कुमार, गांव पधर रियूर को डंगा निर्माण के लिए 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने हरिद्वार से मंडप बस को बरोटी तक तथा चंडीगढ़ से सरकाघाट बस को भी बरोटी तक चलाने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश दिए। इस मौके पर अधिशाषी अभियंता जेपी नायक, अधिशाषी अभियंता विद्युत डीआर भाटिया, क्षेत्रीय प्रबंधक नरेंद्र शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय निराला, जिला पंचायती राज उपाध्यक्ष सुंदरनगर जगदीश, पंचायत बनाल के प्रधान सतीश कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देशराज पालसरा भी मौजूद थे।