नशे में धुत पिता ने किया बेटी से दुष्कर्म, सहमी नाबालिग घर से भागी, जानिए पूरा मामला Mandi News
Father Physically Assaulted teen जंजैहली में एक नाबालिग लड़की ने अपने ही पिता पर कथित दुराचार करने का आरोप लगाया है।
गोहर, मृगेंद्र पाल। जंजैहली में एक नाबालिग लड़की ने अपने ही पिता पर कथित दुराचार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने लड़की की शिकायत पर आरोपित पिता के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। एसपी गुरदेव चंद ने मामला दर्ज करने की पुष्टि की है। बताया जा रहा है जमा दो की छात्रा है और पिछले तीन-चार दिनों से लापता थी। लड़की के पिता ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना में दर्ज करवाई थी। पुलिस ने पंजाब में लड़की के सुराग मिलने के बाद उसे आनंदपुर पुलिस स्टेशन जाकर बरामद कर लिया।
जंजैहली थाना में जब लड़की को लाया गया तो उसने पुलिस को बयान दिया कि वह पंजाब नौकरी की तलाश में गई थी। पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसके पिता ने उसके साथ दुराचार किया है। जिसके बाद वह जंजैहली से चंडीगढ़ चली गई। लेकिन अजनबी शहर में अपने को अकेला पाकर वह चंडीगढ़ से जिला ऊना की बस पकड़ ली और रोपड़ के श्रीआनंदपुर साहिब में पंजाब पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। पंजाब पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी पुलिस हेडक्वार्टर संपर्क किया और पुलिस ने नाबालिग लड़की को पंजाब से जंजैहली लाया।
लड़की ने मंगलवार देर शाम को गोहर थाना प्रभारी के समक्ष अपने बयान में आरोप लगाए कि शराब के नशे में धुत्त पिता ने उसके साथ शारारिक संबंध बनाए हैं। जिस कारण वह परेशान होकर भाग गई थी। पुलिस ने नाबालिग युवती की शिकायत पर उसके पिता के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर दिया है। आरोपित सरकाघाट क्षेत्र का निवासी है और लोक निर्माण विभाग जंजैहली में कार्यरत है। वह अपने बेटे और बेटी के साथ जंजैहली क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। बताया जा रहा है लड़की की मां सरकाघाट क्षेत्र के गांव में स्थित घर में रहती है। एसपी गुरदेव चंद शर्मा ने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित को सब जज गोहर के कोर्ट में पेश किया गया है। एसएचओ गोहर संजीव कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है।