मंडी में होगा राज्यस्तरीय देव महाकुंभ
जागरण संवाददाता मंडी नई पीढ़ी को देव संस्कृति के बारे में जानकारी देने के लिए मंडी जि
जागरण संवाददाता, मंडी : नई पीढ़ी को देव संस्कृति के बारे में जानकारी देने के लिए मंडी जिले में देव महाकुंभ होगा। मंगलवार को हुई सर्व देवता समिति की बैठक में यह सुझाव उपायुक्त मंडी अरिदम चौधरी ने रखा। सर्व देवता समिति ने इस पर सहमति जताई है तथा अब इसका प्रारूप तैयार करने के लिए आगामी दिनों में बैठक होगी। इसका खर्च जिला प्रशासन ही उठाएगा।
मंगलवार को सर्व देवता समिति की बैठक अध्यक्ष शिवपाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई। उपायुक्त मंडी ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव बेहतर तरीके से सफल हुआ, लेकिन युवा पीढ़ी को देव संस्कृति से रू-ब-रू करवाने के लिए एक राज्यस्तरीय महाकुंभ का आयोजन होना चाहिए। सर्व देवता समिति ने कहा कि इसके लिए बैठक कर प्रारूप तैयार किया जाएगा। अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने कहा कि इसमें कुल्लू, किन्नौर, शिमला के देवता भी शामिल हों, ऐसा प्रयास किया जाएगा। सुकेत के देवी-देवता भी इसमें भाग लेंगे तथा सबको बराबर का सम्मान मिलेगा। देवी-देवताओं को स्थायी स्थान देने का मामला उठा
बैठक में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि में आने वाले पंजीकृत 216 देवी-देवताओं को स्थायी स्थान देने का मामला उठा। लगभग 192 देवता पड्डल मैदान में बैठते हैं, लेकिन कालेज भवन का काम होने से अब उन्हें अन्य जगह रखना पड़ा है। ऐसे में देवताओं के लिए एक तय स्थान देने की मांग रखी गई। साथ ही पुराने देवताओं के मंदिर जो सरकारी जमीन पर हैं उस जमीन को देवताओं के नाम करने के लिए कार्रवाई करने की बात कही गई। शिव पाल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस बाबत उपायुक्त मंडी को पत्र लिखा है तथा इसके लिए राजस्व विभाग कार्रवाई कर रहा है। बैठक में 150 कारदारों ने भाग लिया। संस्कृति सदन में शुरू होगा समिति का कार्यालय
सर्व देवता समिति का कार्यालय अब संस्कृति सदन में होगा। देवताओं के पंजीकरण सहित अन्य कार्य भी यहीं से किए जाएंगे। इसका उद्घाटन देव कमरुनाग ने अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान किया था। वहीं इस मौके पर देवता समिति ने अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले में देवी-देवताओं, बंजतरियों का मानदेय और राशन भत्ता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया।